नेत्रहीन महिला क्रिकेट : भारत-नेपाल टी-20 सीरीज की मेजबानी करेगा गुरुग्राम
गुरुग्राम, 24 नवंबर (हि.स.)। विश्व चैंपियन भारतीय महिला टीम और नेपाल के बीच नेत्रहीन महिला क्रिकेट की पांच मैचों की टी-20 द्विपक्षीय सीरीज का आयोजन गुरुग्राम में किया जाएगा। दो से आठ दिसंबर तक होने वाली यह सीरीज द बॉल पार्क क्रिकेट ग्राउंड पर खेली जाएगी।
भारत में नेत्रहीनों के लिए क्रिकेट संघ (कैबी) ने समर्थानम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड और कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) साझेदार आईआईएफएल होम फाइनेंस लिमिटेड के सहयोग से इस सीरीज का आयोजन किया है। मंगलवार को गुरुग्राम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की गई।
इस अवसर पर भारतीय नेत्रहीन महिला क्रिकेट टीम की कप्तान दीपिका टीसी, कैबी के अध्यक्ष डॉ. महांतेश जी. किवादसन्नावर, आईआईएफएल होम फाइनेंस लिमिटेड की नेतृत्व टीम और भारतीय महिला टीम की सभी खिलाड़ी मौजूद रहीं। प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक प्रमुख आकर्षण भारतीय महिला टीम की जर्सी का आधिकारिक अनावरण रहा।
भारत में नेत्रहीनों के लिए क्रिकेट संघ (कैबी) के अध्यक्ष डॉ. महांतेश जी. किवादसन्नावर ने कहा, “हमें अपनी विश्व चैंपियन महिला टीम पर गर्व है। इस टीम ने देशभर में दृष्टिबाधित महिलाओं के सामने एक मिसाल पेश की है। नेपाल के खिलाफ यह द्विपक्षीय सीरीज हमारी खिलाड़ियों को मूल्यवान अंतरराष्ट्रीय मैच अनुभव देगी और भारत में नेत्रहीन महिला क्रिकेट को मजबूत बनाने में मदद करेगी।”
आईआईएफएल होम फाइनेंस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी गिरीश कौस्गी ने कहा, “भारत की विश्व चैंपियन नेत्रहीन महिला क्रिकेट टीम इस बात का सच्चा उदाहरण है कि प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और सही अवसर मिलकर क्या हासिल कर सकते हैं। हम दोनों टीमों को उनकी आगामी सीरीज के लिए शुभकामनाएं देते हैं और उम्मीद करते हैं कि यह खेल भावना, साहस और दृढ़ संकल्प का उत्सव बनेगी। इस तरह की पहल समावेशिता और सशक्तीकरण के प्रति हमारी व्यापक प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। इनके माध्यम से खेलों के जरिए अवसर पैदा करना, महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को आगे बढ़ाना तथा आवास, आजीविका और समुदाय आधारित विकास तक पहुंच का समर्थन करना शामिल है।”
इस द्विपक्षीय सीरीज में भारत और नेपाल की टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी। इससे पहले दोनों देशों के बीच पहली महिला टी20 नेत्रहीन क्रिकेट विश्व कप में यादगार मुकाबला हुआ था, जिसमें भारत ने नेपाल को हराकर ऐतिहासिक खिताब अपने नाम किया था।
आगामी पांच मैचों की सीरीज खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव हासिल करने और दृष्टिबाधित महिलाओं को क्रिकेट अपनाने के लिए प्रेरित करने का एक और अवसर देगी।
भारतीय नेत्रहीन महिला क्रिकेट टीम का तैयारी शिविर 16 नवंबर 2026 को गुरुग्राम में शुरू हुआ था। पांच मैचों की सीरीज से पहले इस शिविर में क्रिकेट कौशल, फिटनेस एवं शारीरिक क्षमता, रणनीतिक तैयारी, टीम संयोजन और मैच के लिए तैयारियों पर ध्यान दिया जा रहा है।
भारतीय टीम
बी1 वर्ग: सिमु दास (दिल्ली), शिवानी भोई (राजस्थान), अनु कुमारी (बिहार), कल्पनाबेन चौर्या (गुजरात), रंजीता हावेरी (कर्नाटक) और प्रिया (मध्य प्रदेश)।
बी2 वर्ग: अनेकादेवी (दिल्ली), बसंती हांसदा (ओडिशा), सुनीता धोंडप्पनवर (कर्नाटक), सिमरनजीत कौर (राजस्थान) और सुनीता सारथे (मध्य प्रदेश)।
बी3 वर्ग: दीपिका टीसी (कप्तान, कर्नाटक), फुला सोरेन (ओडिशा), गंगा कदम (उपकप्तान, महाराष्ट्र), सुषमा पटेल (मध्य प्रदेश), दुर्गा वाई. (मध्य प्रदेश) और जयलक्ष्मी बी. (कर्नाटक)।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

