पीएसपीबी बाबा दीप सिंह बास्केटबॉल टूर्नामेंट: खालसा, किरोड़ी मल, स्टनर अकादमी और रामजस ने जीत के साथ की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
पीएसपीबी बाबा दीप सिंह बास्केटबॉल टूर्नामेंट: खालसा, किरोड़ी मल, स्टनर अकादमी और रामजस ने जीत के साथ की शुरुआत


नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह बास्केटबॉल (पुरुष एवं महिला) टूर्नामेंट का आगाज़ मंगलवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ, जिसमें मेज़बान श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, किरोड़ी मल कॉलेज, स्टनर अकादमी और रामजस कॉलेज ने अपने-अपने शुरुआती मैच जीतकर जीत से शुरुआत की।

पुरुष वर्ग के मुकाबले में मेज़बान एसजीटीबी खालसा कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमिटी यूनिवर्सिटी को 77-42 से हराया। टीम की जीत में रूपेश भाटी का अहम योगदान रहा, जिन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

एक अन्य मुकाबले में किरोड़ी मल कॉलेज ने श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स को 80-60 से पराजित किया। किरोड़ी मल कॉलेज के भाव्या को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

वहीं, महिला वर्ग में स्टनर अकादमी ने आईपी कॉलेज पर 76-40 से एकतरफा जीत दर्ज की। इस मैच में शेरिल के शानदार खेल के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

वहीं, एक अन्य मुकाबले में रामजस कॉलेज ने किरोड़ी मल कॉलेज को 40-28 से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। इस मुकाबले में वेदा श्रीवास्तव को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

इससे पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (पीएसपीबी) के संयुक्त सचिव संदीप सरकारिया, श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. गुरमोहिंदर सिंह तथा शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान निदेशक डॉ. इंदरप्रीत कौर ने संयुक्त रूप से किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story