वियतनाम ओपन में तन्वी शर्मा ने मालविका बंसोड़ को हराया, सेमीफाइनल में पहुंचीं

WhatsApp Channel Join Now
वियतनाम ओपन में तन्वी शर्मा ने मालविका बंसोड़ को हराया, सेमीफाइनल में पहुंचीं


वियतनाम ओपन में तन्वी शर्मा ने मालविका बंसोड़ को हराया, सेमीफाइनल में पहुंचीं


हो ची मिन्ह सिटी, 11 सितंबर (हि.स.)। शीर्ष वरीय तन्वी शर्मा ने शुक्रवार को हमवतन सातवीं वरीय मालविका बंसोड़ को कड़े मुकाबले में हराकर वियतनाम ओपन सुपर 100 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। विश्व की 27वें नंबर की तन्वी ने मालविका को 21-18, 15-21, 21-14 से शिकस्त दी।

तीसरी वरीय ईशारानी बरुआ ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की हुआंग चिंग पिंग को 21-15, 21-18 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

मालविका ने पहले गेम में तेज शुरुआत की और तन्वी के खिलाफ 13-6 की आरामदायक बढ़त बना ली। इसके बाद तन्वी ने शानदार वापसी करते हुए अगले 13 में से 10 अंक हासिल किए और स्कोर 16-16 से बराबर कर दिया। दबाव के बीच संयम बनाए रखते हुए तन्वी ने पहला गेम 21-18 से अपने नाम किया।

दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और बढ़त लगातार बदलती रही। हालांकि, इस बार मालविका ने अंतिम चरण में बेहतर खेल दिखाया और 21-15 से गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।

तीसरे गेम में भी शुरुआत में मुकाबला बराबरी का रहा, लेकिन मध्यांतर के बाद तन्वी ने अपनी गति बढ़ाई और बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने मालविका को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 21-14 से गेम जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

सेमीफाइनल में तन्वी का सामना थाईलैंड की टोनरुग साहेंग और सारुनराक वितिदसर्न के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगा। ईशारानी का सामना रक्षिता श्री या मानसी सिंह में से किसी एक से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story