श्रीकांत और प्रणय आर्कटिक ओपन के पहले दौर में बाहर

WhatsApp Channel Join Now
श्रीकांत और प्रणय आर्कटिक ओपन के पहले दौर में बाहर


श्रीकांत और प्रणय आर्कटिक ओपन के पहले दौर में बाहर


वांता (फिनलैंड), 08 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय को बुधवार को यहां आर्कटिक ओपन 2026 के पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। ओलंपिक्स डॉट कॉम के अनुसार, दुनिया के 31वें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत को कनाडा के 34वें नंबर के ब्रायन यांग ने 15-21, 21-15, 21-13 से हराया।

श्रीकांत ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए पहला गेम अपने नाम किया लेकिन यांग ने अगले दोनों गेम जीतकर भारतीय खिलाड़ी की चुनौती समाप्त कर दी।

दुनिया के 38वें नंबर के प्रणय को चौथी वरीयता प्राप्त डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन के खिलाफ 21-10, 21-9 से शिकस्त झेलनी पड़ी। प्रणय पूरे मुकाबले में संघर्ष करते नजर आए और सीधे गेम में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

हालांकि, पुरुष युगल में भारत को कृष्ण प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय ने बड़ी जीत दिलाई। गैरवरीय भारतीय जोड़ी ने पांचवीं वरीयता प्राप्त चीन के हे जी तिंग और रेन शियांग यू को 61 मिनट चले मुकाबले में 10-21, 21-18, 22-20 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों गेम जीत लिए।

पुरुष एकल में थारुन मन्नेपल्ली ने भारत की उम्मीदें कायम रखीं। क्वालीफायर के जरिए मुख्य दौर में पहुंचे थारुन ने डेनमार्क के मैग्नस जोहानसन को 21-16, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। अब उनका सामना क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए दूसरी वरीयता प्राप्त फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव से होगा।

क्वालीफायर के जरिए मुख्य दौर में पहुंचे रौनक चौहान को चीन के वेंग होंग यांग के खिलाफ कड़े मुकाबले में 22-20, 20-22, 21-17 से हार का सामना करना पड़ा। रौनक ने पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे गेम में वापसी करते हुए मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचाया लेकिन वेंग ने तीसरा गेम जीतकर भारतीय खिलाड़ी का सफर समाप्त कर दिया।

महिला एकल में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और तान्वी शर्मा गुरुवार को अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। छठी वरीयता प्राप्त सिंधु का सामना जापान की रिको गुंजी से होगा, जबकि तान्वी शीर्ष वरीयता प्राप्त और पूर्व विश्व चैंपियन थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन के खिलाफ कोर्ट पर उतरेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story