एशियाई खेल: पीवी सिंधु ने चिउ पिन-चियान को हराकर महिला एकल के अंतिम-16 में बनाई जगह

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेल: पीवी सिंधु ने चिउ पिन-चियान को हराकर महिला एकल के अंतिम-16 में बनाई जगह


आइची-नागोया, 26 सितंबर (हि.स.)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने एशियाई खेल 2026 की महिला एकल स्पर्धा के अंतिम-16 में जगह बना ली है। सिंधु ने शनिवार को इचिनोमिया सिटी म्यूनिसिपल जिम्नेजियम में चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियान को सीधे गेम में 21-19, 21-14 से हराया।

विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर काबिज चिउ ने पहले गेम में अच्छी शुरुआत करते हुए 9-6 की बढ़त बना ली थी। सिंधु ने हालांकि लगातार तीन अंक हासिल कर वापसी की और मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन निर्णायक क्षणों में सिंधु ने बेहतर खेल दिखाते हुए पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में सिंधु ने शुरुआत से ही नियंत्रण बनाए रखा। उन्होंने शुरुआती बढ़त हासिल करने के बाद आक्रामक खेल जारी रखा और 21-14 से गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

31 वर्षीय सिंधु अब अंतिम-16 के मुकाबले में जापान की तोमोका मियाजाकी से भिड़ेंगी। यह मुकाबला शनिवार को शाम 6:30 बजे भारतीय समयानुसार खेला जाएगा।

एशियाई खेलों में सिंधु का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2018 जकार्ता खेलों में आया था, जहां उन्होंने महिला एकल में रजत पदक जीता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story