इंडोनेशिया ओपन : सिंधु प्री-क्वार्टर फाइनल में, श्रीकांत और मालविका बाहर

WhatsApp Channel Join Now
इंडोनेशिया ओपन : सिंधु प्री-क्वार्टर फाइनल में, श्रीकांत और मालविका बाहर


इंडोनेशिया ओपन : सिंधु प्री-क्वार्टर फाइनल में, श्रीकांत और मालविका बाहर


जकार्ता, 02 जून (हि.स.)। भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने मंगलवार को इंडोनेशिया ओपन 2026 के महिला एकल वर्ग में शानदार जीत दर्ज करते हुए अंतिम-16 (प्री-क्वार्टर फाइनल) में प्रवेश कर लिया है। वहीं पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत और महिला एकल में मालविका बंसोड़ को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु को थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान के खिलाफ कड़ी चुनौती मिली, लेकिन उन्होंने 51 मिनट तक चले मुकाबले में 25-23, 21-16 से जीत दर्ज की।

पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु ने पहले गेम में संघर्षपूर्ण जीत हासिल की और फिर दूसरे गेम में उसी लय को बरकरार रखते हुए सीधे गेमों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अब अगले दौर में उनका सामना मौजूदा ओलंपिक चैंपियन और विश्व नंबर-1 आन से-यंग से हो सकता है। पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में सिंधु को आन से-यंग से हार का सामना करना पड़ा था। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक खेले गए नौ मुकाबलों में सिंधु एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी हैं।

दूसरी ओर, पूर्व विश्व नंबर-1 किदांबी श्रीकांत का अभियान पहले ही दौर में समाप्त हो गया। उन्हें जापान के यूशी तनाका ने 21-19, 21-15 से हराया।

महिला एकल में मालविका बंसोड़ भी पहले दौर की बाधा पार नहीं कर सकीं। उन्हें सातवीं वरीयता प्राप्त थाई खिलाड़ी पोर्नपावी चोचुवोंग ने 21-12, 21-10 से पराजित किया।

हालांकि पुरुष युगल में भारत को सफलता मिली। हरिहरन अम्साकरुनन और एम. आर. अर्जुन की जोड़ी ने मलेशिया के नूर मोहम्मद अजरीन अयूब और टान वी कियोंग को 21-18, 21-10 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।

दिन में बाद में भारत की महिला युगल जोड़ी त्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद, पुरुष एकल में लक्ष्य सेन तथा मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी अपना अभियान शुरू करेगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story