ताइपे ओपन: प्रणय और अनमोल खरब दूसरे दौर में, रौनक और श्रियांशी बाहर

WhatsApp Channel Join Now
ताइपे ओपन: प्रणय और अनमोल खरब दूसरे दौर में, रौनक और श्रियांशी बाहर


ताइपे, 29 जुलाई (हि.स.)। भारत के अनुभवी शटलर एच.एस. प्रणय ने ताइपे ओपन-2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत करते हुए पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। सातवीं वरीयता प्राप्त प्रणय ने जापान के मिनोरू कोगा को केवल 35 मिनट में 21-11, 21-14 से हराकर अगले दौर का टिकट कटाया।

विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता प्रणय इस सीजन संघर्ष से गुजर रहे थे। ताइपे पहुंचने से पहले वह इस वर्ष केवल तीन बार शुरुआती दौर पार कर सके थे। अब दूसरे दौर में उनका मुकाबला भारत के मिथुन मंजूनाथ और हांगकांग के जेसन गुनावन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

महिला एकल में अनमोल खरब ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे दौर में जगह बनाई। उन्होंने भारत की ही इशिका जायसवाल को 56 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 21-15, 11-21, 21-19 से हराया। अब अनमोल का सामना अश्मिता चालिहा और चीनी ताइपे की दूसरी वरीयता प्राप्त टी लिन ह्सियांग के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा।

हालांकि, भारत को कुछ निराशा भी हाथ लगी। पुरुष एकल में रौनक चौहान को सिंगापुर के रिची डुटा रिचार्डो ने 21-14, 21-16 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। वहीं महिला एकल में श्रियांशी वालिशेट्टी को थाईलैंड की सुपानिदा कातेथोंग के खिलाफ 21-11, 21-12 से हार का सामना करना पड़ा।

ताइपे ओपन में भारत के कई अन्य खिलाड़ी भी चुनौती पेश कर रहे हैं और उनसे आगे के मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story