थुलासिमथि मुरुगेसन ने एशियाई पैरा खेलों में स्वर्ण के साथ अभियान का किया समापन, जीते तीन पदक

WhatsApp Channel Join Now
थुलासिमथि मुरुगेसन ने एशियाई पैरा खेलों में स्वर्ण के साथ अभियान का किया समापन, जीते तीन पदक


नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी थुलासिमथि मुरुगेसन ने शुक्रवार को एशियाई पैरा खेल-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर अपने अभियान का शानदार समापन किया। उन्होंने महिला युगल एसएल3-एसयू5 वर्ग के फाइनल में मानसी जोशी के साथ मिलकर चीन की यांग क्यूशिया और शियाओ जूशियान की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-16, 21-13 से हराया। भारतीय जोड़ी ने 28 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर स्वर्ण पदक जीता।

पेरिस पैरालंपिक की रजत पदक विजेता 24 वर्षीय थुलासिमथि ने इस प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीते। महिला युगल में स्वर्ण जीतने से पहले उन्होंने महिला एकल एसयू5 वर्ग में रजत पदक हासिल किया था। हालांकि, फाइनल में उन्हें चीन की यांग क्यूशिया के खिलाफ 18-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा।

थुलासिमथि ने मिश्रित युगल एसएल3-एसयू5 वर्ग में नितेश कुमार के साथ भी रजत पदक जीता। फाइनल में भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की लियानी रात्रि ओक्टिला और हिकमत रमदानी के खिलाफ 21-11, 19-21, 14-21 से हार मिली। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम जीतने के बाद अगले दोनों गेम गंवा दिए।

पैरा बैडमिंटन की एसएल3-एसयू5 युगल स्पर्धा में एसएल3 वर्ग के खड़े होकर खेलने वाले निचले अंगों की दिव्यांगता वाले और एसयू5 वर्ग के खड़े होकर खेलने वाले ऊपरी अंगों की दिव्यांगता वाले खिलाड़ी शामिल होते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765563 Articles

Share this story