लक्ष्य सेन ने जापान मास्टर्स का खिताब जीता, फाइनल में कोकी वातानाबे को दी शिकस्त
पहला गेम गंवाने के बाद भारतीय शटलर ने शानदार वापसी करते हुए 13-21, 21-18, 21-14 से दर्ज की जीत
कुमामोटो (जापान), 15 नवंबर (हि.स.)। भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जापान मास्टर्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को कुमामोटो प्रीफेक्चरल जिम्नेजियम में खेले गए पुरुष एकल फाइनल में लक्ष्य ने दुनिया के 15वें नंबर के खिलाड़ी मेजबान जापान के कोकी वातानाबे को तीन गेम तक चले मुकाबले में 13-21, 21-18, 21-14 से हराया।
वर्ल्ड टूर में लगातार अपना दूसरा फाइनल खेल रहे लक्ष्य ने एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी की और वातानाबे को 1 घंटे 4 मिनट तक चले मुकाबले में शिकस्त दी।
लक्ष्य ने मुकाबले की शुरुआत संभलकर की, लेकिन जापानी खिलाड़ी ने पहले गेम में उन पर दबाव बनाए रखा। वातानाबे ने लक्ष्य को कोर्ट के दाईं ओर खेलने के लिए मजबूर किया और भारतीय खिलाड़ी की गलती का फायदा उठाते हुए पहला गेम 21-13 से जीत लिया।
दूसरे गेम में लक्ष्य ने आक्रामक रुख अपनाया। उनके दमदार स्मैश और बेहतर कोर्ट कवरेज के सामने वातानाबे को परेशानी हुई। लक्ष्य ने दूसरा गेम 21-18 से जीतकर मुकाबले में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली।
निर्णायक तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। शुरुआत में वातानाबे ने स्मैश के जरिए अंक हासिल किया, लेकिन लक्ष्य ने भी तुरंत वापसी की। नेट के करीब शानदार रिफ्लेक्स दिखाते हुए उन्होंने जापानी खिलाड़ी को गलती करने पर मजबूर किया। इसके बाद वातानाबे ने स्मैश से बराबरी की, लेकिन लक्ष्य ने लगातार अंक जुटाते हुए ब्रेक तक 11-7 की बढ़त बना ली।
ब्रेक के बाद भी लक्ष्य ने अपनी लय बरकरार रखी। उन्होंने दमदार स्मैश और सटीक शॉट्स के जरिए बढ़त बढ़ाई। एक समय वह 17-7 से आगे हो गए और खिताब उनसे कुछ ही अंक दूर रह गया। वातानाबे ने लगातार तीन अंक लेकर वापसी की कोशिश की, लेकिन लक्ष्य ने उन्हें ज्यादा मौका नहीं दिया। भारतीय खिलाड़ी ने निर्णायक गेम 21-14 से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच जीतते ही लक्ष्य ने खुशी में जोरदार आवाज लगाई और मुट्ठी भींचकर अपनी खुशी जाहिर की।
सेमीफाइनल में अल्वी फरहान को दी थी मात
लक्ष्य ने फाइनल तक का सफर शानदार अंदाज में तय किया था। उन्होंने पहले दौर में ची यू जेन को 21-19, 21-18 से हराया। इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन के डोंग तियान याओ को 21-8, 21-14 और क्वार्टर फाइनल में जापान के युशी तनाका को 21-16, 21-15 से शिकस्त दी।
सेमीफाइनल में लक्ष्य ने इंडोनेशिया के छठी वरीयता प्राप्त अल्वी फरहान को 21-12, 15-21, 21-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इस जीत के साथ उन्होंने जर्मनी में हुए हायलो ओपन का खिताब जीतने के बाद अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी।
25 वर्षीय लक्ष्य ने इस साल ऑल इंग्लैंड ओपन में भी उपविजेता रहते हुए खिताबी मुकाबले तक का सफर तय किया था। जापान मास्टर्स का खिताब उनके 2026 सत्र की तीसरी खिताबी मुकाबले में उपस्थिति को यादगार जीत में बदलने वाला प्रदर्शन रहा।
वातानाबे के खिलाफ अब 5-3 का रिकॉर्ड
फाइनल से पहले लक्ष्य सेन और कोकी वातानाबे के बीच सात मुकाबले हुए थे, जिनमें भारतीय खिलाड़ी 4-3 से आगे थे। इस जीत के बाद लक्ष्य ने आमने-सामने के मुकाबलों में अपनी बढ़त 5-3 कर ली है। वातानाबे ने इस साल जापान ओपन और सिंगापुर ओपन में लक्ष्य को हराया था, लेकिन इस बार भारतीय खिलाड़ी ने घरेलू दर्शकों के सामने खेल रहे जापानी शटलर को मात देकर खिताब जीत लिया। वातानाबे ने दूसरे सेमीफाइनल में पेरिस ओलंपिक 2024 के रजत पदक विजेता कुनलावुत वितिदसर्न को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

