कोरिया ओपन में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे लक्ष्य सेन

WhatsApp Channel Join Now
कोरिया ओपन में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे लक्ष्य सेन


नई दिल्ली, 02 नवंबर (हि.स.)। कोरिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 3 से 8 नवंबर तक दक्षिण कोरिया के येओसु शहर में स्थित स्टेडियम में होगा। पांच लाख अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाले इस बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 टूर्नामेंट में कई भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे।

जर्मनी में हायलो ओपन का खिताब जीतकर पहुंचे पांचवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन पुरुष एकल में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। लक्ष्य अपने अभियान की शुरुआत चीन के डोंग तियान याओ के खिलाफ करेंगे। वहीं, एचएस प्रणय का सामना दक्षिण कोरिया के यू ताए बिन से होगा। तरुण मन्नेपल्ली और रौनक चौहान ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है।

महिला एकल में भारत की तन्वी शर्मा का मुकाबला जापान की मनामी सुजुई से होगा। मालविका बंसोड़ के सामने चौथी वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरिया की सिम यू जिन की चुनौती होगी। वहीं, अनमोल खरब कनाडा की रेचल चैन के खिलाफ उतरेंगी। हायलो ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली अनमोल की कोशिश यहां भी अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की होगी।

महिला एकल में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी दक्षिण कोरिया की आन से यंग प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। हायलो ओपन का खिताब जीतने वाली पीवी सिंधु ने कोरिया ओपन और जापान मास्टर्स, दोनों प्रतियोगिताओं से हटने का फैसला किया है।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबले

पुरुष युगल के क्वालीफाइंग दौर में अर्जुन रेड्डी पोचाना और अच्युतादित्य राव दोड्डावरापु की जोड़ी हिस्सा लेगी। महिला युगल में रितिका ठाकेर और सोनाली सिंह की जोड़ी का सामना ऑस्ट्रेलिया की लाउद्या ग्रिसेल्डा और नोजोमी शिमिजु से होगा। मिश्रित युगल में ध्रुव रावत और मनीषा की जोड़ी चीन के झू यी जुन और सातवीं वरीयता प्राप्त ली चियान से भिड़ेगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771037 Articles

Share this story