विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप से पहले कोरिया मास्टर्स में तैयारियों को अंतिम रूप देने उतरेंगे भारतीय शटलर

WhatsApp Channel Join Now
विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप से पहले कोरिया मास्टर्स में तैयारियों को अंतिम रूप देने उतरेंगे भारतीय शटलर


नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) वर्ल्ड टूर का अगला पड़ाव कोरिया मास्टर्स 2026 होगा, जहां भारतीय शटलर इस महीने नई दिल्ली में होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप से पहले अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने के इरादे से उतरेंगे।

चार से नौ अगस्त तक आयोजित होने वाला यह सुपर 300 टूर्नामेंट खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक हासिल करने के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का भी बेहतरीन अवसर होगा।

टूर्नामेंट का 18वां संस्करण इस बार दक्षिण कोरिया के आसन शहर स्थित आसन यी सुन-सिन जिम्नेजियम में खेला जाएगा। पिछले तीन संस्करण क्रमशः ग्वांगजू (2022, 2023) और इक्सान (2024, 2025) में आयोजित हुए थे। इस बार प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 2.50 लाख अमेरिकी डॉलर रखी गई है, जो पिछले वर्ष के 2.40 लाख डॉलर से अधिक है।

भारतीय चुनौती की अगुवाई पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत, किरण जॉर्ज, तरुण मन्नेपल्ली, मिथुन मंजूनाथ, रौनक चौहान और सनीत दयानंद करेंगे। वहीं क्वालीफाइंग दौर में एस. शंकर मुथुसामी सुब्रमण्यम और तुषार सुवीर अपनी किस्मत आजमाएंगे।

महिला एकल में हाल ही में शानदार फॉर्म में चल रहीं तन्वी शर्मा पर विशेष नजर रहेगी। उनके अलावा मालविका बंसोड़, अनमोल खरब, आकांक्षा कश्यप, अश्मिता चालिहा, तान्या हेमंत, ईशारानी बरुआ, श्रीयंशी वालिशेट्टी, रक्षिता श्री संतोष रामराज और मानसी सिंह भी भारतीय चुनौती पेश करेंगी।

पुरुष युगल में पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय/कृष्ण प्रसाद गरगा, भार्गव राम अरिगेला/विश्व तेज गोब्बुरु तथा पोचाना अर्जुन रेड्डी/अचुतादित्य राव डोड्डावरापु की जोड़ियां कोर्ट पर उतरेंगी।

महिला युगल में प्रिया कोंजेंगबाम/श्रुति मिश्रा और सोनाली सिंह/ऋतिका ठाकेर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मिश्रित युगल में ईशान भटनागर/श्रुति मिश्रा, ध्रुव रावत/मनीषा के. तथा सात्विक रेड्डी कनापुरम/राधिका शर्मा की जोड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

हालांकि भारत को कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी भी खलेगी। पुरुष एकल से एचएस प्रणय, लक्ष्य शर्मा, प्रियांशु राजावत, आलाप मिश्रा, ओरिजित चालिहा, प्रणय शेट्टिगार और गिनपॉल सोना ने नाम वापस ले लिया है। वहीं महिला एकल में तस्नीम मीर और समिया इमाद फारूकी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेंगी।

पिछले वर्ष इक्सान में आयोजित कोरिया मास्टर्स के पुरुष एकल के विजेता जिया हेंग जेसन तेह, महिला एकल की चैंपियन चिउ पिन-चियान, पुरुष युगल के विजेता ली जोंग-मिन/वांग चान, महिला युगल की चैंपियन हिनाता सुजुकी/नाओ यामाकिता और मिश्रित युगल के विजेता किम जे-ह्योन/जियोंग ना-यून थे।

भारतीय शटलरों के लिए यह टूर्नामेंट नई दिल्ली में होने वाली विश्व चैंपियनशिप से पहले अपनी फॉर्म और आत्मविश्वास को मजबूत करने का अहम अवसर माना जा रहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story