कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में हारीं तन्वी शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
कोरिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में हारीं तन्वी शर्मा


असान (दक्षिण कोरिया), 07 अगस्त (हि.स.)। भारत की 17 वर्षीय स्टार शटलर तन्वी शर्मा का कोरिया मास्टर्स 2026 में शानदार अभियान क्वार्टरफाइनल में समाप्त हो गया। उन्हें ऑल-इंडियन मुकाबले में रक्षिता रामराज ने 18-21, 21-19, 21-19 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

पिछले सप्ताह ताइपे ओपन सुपर-300 का खिताब जीतकर सबसे कम उम्र की चैंपियन बनने वाली तन्वी ने पहला गेम अपने नाम कर शानदार शुरुआत की थी। हालांकि, रक्षिता ने दमदार वापसी करते हुए दूसरा और तीसरा गेम जीत लिया। इस जीत के साथ रक्षिता ने तन्वी के खिलाफ अपना आमने-सामने का रिकॉर्ड 4-0 कर लिया।

हार के बावजूद तन्वी ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से प्रभावित किया। उन्होंने इस टूर्नामेंट में कई उच्च रैंकिंग खिलाड़ियों को हराकर क्वार्टरफाइनल तक का सफर तय किया, जिससे इस महीने होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप से पहले उनका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ।

इससे पहले प्री-क्वार्टरफाइनल में तन्वी ने ऑल-इंडियन मुकाबले मेंo श्रियांशी वालिशेट्टी को 21-16, 17-21, 21-13 से हराया था।

अब सेमीफाइनल में रक्षिता का सामना भारत की अश्मिता चालिहा से होगा। अश्मिता ने शीर्ष वरीयता प्राप्त हिना अकेची को 20-22, 21-15, 21-19 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

पुरुष युगल में भारत के पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और कृष्ण प्रसाद गरागा ने दक्षिण कोरिया के किम यंग-ह्युक और शिन ताए-यांग को 21-18, 21-19 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

वहीं, महिला युगल में सोनाली सिंह और रितिका ठाकेर को जापान की सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी सुमिरे नाकादे और मियू ताकाहाशी ने 21-15, 21-9 से हराया। मिश्रित युगल में छठी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ईशान भटनागर और श्रुति मिश्रा को दक्षिण कोरिया के शिन ताए-यांग और किम यू जंग के खिलाफ 21-16, 16-21, 21-13 से हार का सामना करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story