जापान मास्टर्स : त्रीसा-गायत्री और हरिहरन-अर्जुन की चुनौती समाप्त

WhatsApp Channel Join Now
जापान मास्टर्स : त्रीसा-गायत्री और हरिहरन-अर्जुन की चुनौती समाप्त


- महिला और पुरुष युगल में भारतीय जोड़ियों को सीधे गेम में मिली शिकस्त

कुमामोटो, 12 नवंबर (हि.स.)। जापान मास्टर्स-2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में गुरुवार को भारतीय खिलाड़ियों का सफर निराशाजनक रहा। महिला युगल में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद तथा पुरुष युगल में हरिहरन अम्सकरुणन और एमआर अर्जुन को प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता त्रीसा और गायत्री की जोड़ी को जापान की रिन इवानागा और की नाकानिशी ने 21-14, 21-14 से हराया। भारतीय जोड़ी ने इससे पहले राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में जापान की हिनाता सुजुकी और नाओ यामाकिता को 42 मिनट में 21-17, 21-14 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।

प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पहले गेम से ही जापानी जोड़ी ने दबदबा बनाए रखा। इवानागा और नाकानिशी ने लगातार छह अंक हासिल कर पहला गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में त्रीसा और गायत्री ने शानदार वापसी की कोशिश की। भारतीय जोड़ी ने लगातार चार अंक जुटाए और शुरुआती दौर में 5-1 की बढ़त बना ली। मुकाबला 14-14 तक बराबरी पर रहा, लेकिन इसके बाद जापानी खिलाड़ियों ने लगातार सात अंक हासिल कर मैच जीत लिया। मुकाबला करीब 40 मिनट चला।

इससे पहले पुरुष युगल में हरिहरन अम्सकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी भी हारकर बाहर हो गई। भारतीय जोड़ी का सामना जापान के ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी से हुआ। होकी और कोबायाशी 2021 विश्व चैंपियनशिप के विजेता हैं।

हरिहरन और अर्जुन ने पिछले दौर में पूर्व विश्व चैंपियन मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक को हराकर उलटफेर किया था, लेकिन इस बार जापानी जोड़ी ने उन्हें 21-14, 21-14 से शिकस्त दी। यह मुकाबला 35 मिनट से कुछ अधिक समय तक चला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775717 Articles

Share this story