डेनमार्क ओपन: त्रीसा-गायत्री की जोड़ी अंतिम-16 में पहुंची, देविका सिहाग बाहर
ओडेंस, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने बुधवार को डेनमार्क ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। भारतीय जोड़ी ने महिला युगल के पहले दौर में चीनी ताइपे की यान फेई चेन और ह्सिएह पेई शान को सीधे गेमों में हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई। वहीं, महिला एकल में देविका सिहाग को हार का सामना करना पड़ा।
एसजेएफ बैंक एरिना में खेले गए मुकाबले में त्रीसा और गायत्री ने 38 मिनट में चीनी ताइपे की जोड़ी को 22-20, 21-14 से पराजित किया।
भारतीय जोड़ी अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए इंडोनेशिया की रेचल अलेसिया रोज और फेबी सेतियानिंगरुम से भिड़ेगी।
रुतुपर्णा-श्वेतपर्णा की जोड़ी हारी
महिला युगल में भारत की एक अन्य जोड़ी को निराशा हाथ लगी। रुतुपर्णा पांडा और श्वेतपर्णा पांडा को चीन की बाओ ली जिंग और काओ जि हान के खिलाफ 14-21, 14-21 से हार झेलनी पड़ी। इस हार के साथ भारतीय जोड़ी का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
देविका सिहाग भी पहले दौर में बाहर
महिला एकल के अंतिम-32 दौर में देविका सिहाग को थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग ने सीधे गेमों में 21-13, 21-14 से हराया। इस हार के साथ देविका की चुनौती समाप्त हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

