कनाडा ओपन 2026: दूसरे दौर में हारीं आकर्षि कश्यप और तान्या हेमंथ, भारत की चुनौती समाप्त

WhatsApp Channel Join Now
कनाडा ओपन 2026: दूसरे दौर में हारीं आकर्षि कश्यप और तान्या हेमंथ, भारत की चुनौती समाप्त


ओंटारियो, 03 जुलाई (हि.स.)। कनाडा ओपन 2026 में भारत का अभियान समाप्त हो गया। महिला एकल के दूसरे दौर में आकर्षि कश्यप और तान्या हेमंथ की हार के साथ भारतीय चुनौती खत्म हो गई।

विश्व रैंकिंग में 71वें स्थान पर काबिज आकर्षि कश्यप ने अमेरिका की चौथी वरीयता प्राप्त बेइवेन झांग को कड़ी टक्कर दी लेकिन एक घंटे सात मिनट तक चले मुकाबले में उन्हें 20-22, 21-17, 21-17 से हार का सामना करना पड़ा।

आकर्षि ने पहले गेम में शानदार शुरुआत करते हुए बीच में चार अंकों की बढ़त बना ली थी। हालांकि झांग ने वापसी करते हुए स्कोर बराबर किया और करीबी मुकाबले में पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में अमेरिकी खिलाड़ी ने शुरुआती बढ़त बना ली लेकिन आकर्षि ने दमदार वापसी की। निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ी 17-17 तक बराबरी पर रहीं लेकिन इसके बाद झांग ने लगातार चार अंक जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही बेइवेन झांग के खिलाफ आकर्षि का हार का रिकॉर्ड 0-3 हो गया।

इससे पहले तान्या हेमंथ को जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त रिको गुनजी ने मात्र 31 मिनट में 21-11, 21-11 से हराकर बाहर कर दिया। लगातार दूसरे सप्ताह गुनजी ने तान्या को टूर्नामेंट से बाहर किया है। इससे पहले यूएस ओपन में भी उन्होंने तान्या को पहले दौर में हराया था।

आकर्षि और तान्या भारत की आखिरी बची हुई खिलाड़ी थीं। इससे पहले भारत के पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत चोट के कारण दूसरे दौर का मुकाबला बीच में ही छोड़ने को मजबूर हुए थे।

इसके अलावा देविका सिहाग, रक्षिता रामराज, अनमोल खरब, श्रियांशी वालिशेट्टी, सनीत दयानंद और शंकर सुब्रमण्यम पहले दौर में ही बाहर हो गए थे। युगल में भारत की एकमात्र जोड़ी अच्युतादित्य राव दोड्डावरापु और अर्जुन रेड्डी पोचाना भी शुरुआती दौर में हारकर बाहर हो गई थी।

अब भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी 14 जुलाई से शुरू होने वाले जापान ओपन सुपर 750 में चुनौती पेश करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story