बीडब्ल्यूएफ अध्यक्ष पाटामा लीस्वाडट्राकुल ने विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए भारत को सराहा

WhatsApp Channel Join Now
बीडब्ल्यूएफ अध्यक्ष पाटामा लीस्वाडट्राकुल ने विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए भारत को सराहा


नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) की अध्यक्ष खुनयिंग पाटामा लीस्वाडट्राकुल ने दिल्ली में विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 की सफल मेजबानी के लिए भारत की जमकर प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि भारत ने 17 साल के इंतजार के बाद मिली विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी को यादगार बना दिया। आयोजन को बैडमिंटन जगत के हर वर्ग से सराहना मिली और इसकी सफलता का श्रेय भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण, बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, स्वयंसेवकों, तकनीकी अधिकारियों, प्रायोजकों और सभी सहयोगियों को दिया।

पाटामा ने कहा कि भारत ने चुनौतीपूर्ण समयसीमा के बावजूद विश्वस्तरीय आयोजन स्थल तैयार किया। खिलाड़ियों को बेहतरीन होटल, परिवहन और अभ्यास की सुविधाएं मिलीं, जबकि प्रतियोगिता के दौरान अंतरराष्ट्रीय मानकों को बनाए रखा गया। उन्होंने भारतीय प्रशंसकों की भी विशेष तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत के प्रशंसक बैडमिंटन को अच्छी तरह समझते हैं और पूरे जोश के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हैं।

बच्चों को बताया सबसे बड़ी विरासत

बीडब्ल्यूएफ अध्यक्ष ने कहा कि इस चैंपियनशिप की सबसे खास याद उनके लिए वे बच्चे रहेंगे, जिन्होंने पहली बार दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों को खेलते देखा और कुछ ने पहली बार बैडमिंटन रैकेट हाथ में पकड़ा। उन्होंने कहा कि एक महान मेजबान केवल एक टूर्नामेंट नहीं छोड़ता, बल्कि एक नई शुरुआत की नींव रखता है। उन्होंने भारत का आभार जताते हुए कहा—“धन्यवाद, भारत।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story