एशियाई खेल: चीन से सेमीफाइनल में हारी भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम, कांस्य पदक से करना पड़ा संतोष

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेल: चीन से सेमीफाइनल में हारी भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम, कांस्य पदक से करना पड़ा संतोष


आइची-नगोया, 23 सितंबर (हि.स.)। भारत ने 2026 एशियाई खेलों में पुरुष टीम बैडमिंटन स्पर्धा का अभियान कांस्य पदक के साथ समाप्त किया। भारतीय टीम को बुधवार को इचिनोमिया सिटी म्युनिसिपल जिम्नेजियम में सेमीफाइनल में चीन के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।

यह एशियाई खेलों के इतिहास में भारत का बैडमिंटन में दूसरा पदक है। इससे पहले सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने हांगझोउ 2023 में पुरुष युगल में स्वर्ण पदक जीता था।

आइची-नागोया में भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में जापान को हराकर पहली बार पुरुष टीम स्पर्धा में एशियाई खेलों का पदक पक्का किया था। हालांकि, सेमीफाइनल में मजबूत चीनी टीम के खिलाफ भारतीय चुनौती आगे नहीं बढ़ सकी।

पहले मुकाबले में भारत के स्टार एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन का सामना पूर्व विश्व चैंपियन शी यूकी से हुआ। लंबे और थकाऊ मुकाबले में लक्ष्य को 16-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा और चीन ने बढ़त बना ली।

इसके बाद सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने भारत की वापसी कराई। भारतीय जोड़ी ने परिचित प्रतिद्वंद्वी लियांग वेइकेंग और वांग चांग को सीधे गेम में 21-11, 22-20 से हराकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।

तीसरे मुकाबले में युवा आयुष शेट्टी का सामना एशियाई खेलों के मौजूदा पुरुष एकल चैंपियन ली शिफेंग से हुआ। ली ने 21-19, 21-13 की जीत के साथ चीन को फिर बढ़त दिला दी।

इसके बाद दूसरे युगल मुकाबले में एम. आर. अर्जुन और हरिहरन अम्साकरुणन को हे जिटिंग और लियू यी के खिलाफ 16-21, 21-17, 9-21 से हार मिली। इस हार के साथ चीन ने 3-1 की बढ़त के साथ फाइनल में जगह बनाई और भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

इससे एक दिन पहले भारतीय महिला टीम भी पदक की दौड़ से बाहर हो गई थी। महिला टीम को क्वार्टर फाइनल में जापान के हाथों 1-3 से हार मिली थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story