मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली हाफ मैराथन को दिखाएंगी हरी झंडी, 41 हजार से अधिक धावक लेंगे हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली हाफ मैराथन को दिखाएंगी हरी झंडी, 41 हजार से अधिक धावक लेंगे हिस्सा


नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के 21वें संस्करण का शुभारंभ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार, 18 अक्टूबर को करेंगी। एशिया की प्रमुख सड़क दौड़ प्रतियोगिताओं में शामिल इस विश्व एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रेस में 41 हजार से अधिक धावकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। प्रतियोगिता जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर वहीं समाप्त होगी।

इस अवसर पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद रहेंगे। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी दौड़ में लेंगे हिस्सा

देश के सुरक्षा बलों के साथ प्रतियोगिता के जुड़ाव को आगे बढ़ाते हुए सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक बलों के कई वरिष्ठ अधिकारी इस वर्ष हाफ मैराथन में दौड़ेंगे। इनमें वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन, राष्ट्रीय कैडेट कोर के महानिदेशक वीरेंद्र वत्स और सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीण कुमार शामिल हैं। वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल तेजपाल सिंह ओपन 10 किलोमीटर दौड़ में हिस्सा लेंगे।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी हाफ मैराथन में दौड़ते नजर आएंगे। दो बार की ओलंपिक चैंपियन और प्रतियोगिता की अंतरराष्ट्रीय इवेंट एंबेसडर शॉनी मिलर-उइबो भी धावकों का उत्साह बढ़ाएंगी।

पुरुष और महिला वर्ग में कड़ी टक्कर की उम्मीद

अंतरराष्ट्रीय पुरुष वर्ग में इथियोपिया के बिरहानु लेगेसे प्रमुख दावेदारों में शामिल होंगे। उन्हें केन्या के सैमवेल मसाई और चार्ल्स मबाथा माताता से चुनौती मिलेगी।

महिला वर्ग में केन्या की आइरीन चेपटाई आकर्षण का केंद्र होंगी। वह 2022 में दिल्ली हाफ मैराथन का खिताब जीत चुकी हैं। केन्या की सिंथिया लिमो और इजरायल की लोना चेमताई साल्पेटर भी खिताब की दौड़ में शामिल होंगी।

भारतीय पुरुष एलीट वर्ग में पिछले वर्ष दूसरे स्थान पर रहे किरण मात्रे के साथ डॉ. कार्तिक करकेरा, पंचानन बेरा और मुकेश कुमार चुनौती पेश करेंगे। महिला वर्ग में पूर्व चैंपियन लिली दास और कविता यादव के अलावा नीता रानी तथा विश्व चैंपियनशिप में स्टीपलचेज में हिस्सा ले चुकीं अंकिता ध्यानी पर नजरें रहेंगी।

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार

इस वर्ष प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 2,75,732 अमेरिकी डॉलर रखी गई है। पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को 27-27 हजार अमेरिकी डॉलर मिलेंगे। इसके अलावा, कोई धावक प्रतियोगिता का रिकॉर्ड तोड़ता है तो उसे 12 हजार अमेरिकी डॉलर का अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा।

भारतीय एलीट पुरुष और महिला वर्ग में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले धावकों को क्रमशः साढ़े तीन लाख, ढाई लाख और डेढ़ लाख रुपये मिलेंगे। भारतीय एलीट रिकॉर्ड तोड़ने वाले धावक के लिए एक लाख रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी रखा गया है।

सुबह 5:18 बजे शुरू होगी पहली दौड़

प्रतियोगिता की शुरुआत सुबह 5 बजकर 18 मिनट पर एलीट पुरुष हाफ मैराथन से होगी। इसके दो मिनट बाद सुबह 5:20 बजे एलीट महिला हाफ मैराथन शुरू होगी। अन्य दौड़ों का कार्यक्रम इस प्रकार है:

- सुबह 5:30 बजे — हाफ मैराथन और पुलिस कप

- सुबह 6:30 बजे — दिव्यांग चैंपियंस दौड़ और वरिष्ठ नागरिक दौड़

- सुबह 7:35 बजे — ओपन 10 किलोमीटर दौड़

- सुबह 9:00 बजे — कॉरपोरेट दौड़

- सुबह 9:05 बजे — ग्रेट दिल्ली रन

आयोजकों के अनुसार, एलीट हाफ मैराथन में 80 से अधिक धावक हिस्सा लेंगे, जबकि आम धावकों की हाफ मैराथन और पुलिस कप में 13,400 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। ओपन 10 किलोमीटर दौड़ में 10 हजार से अधिक और कॉरपोरेट दौड़ तथा ग्रेट दिल्ली रन में कुल मिलाकर 13,300 से अधिक प्रतिभागियों के उतरने की संभावना है।

हाफ मैराथन और ओपन 10 किलोमीटर दौड़ के अलावा प्रतियोगिता में ग्रेट दिल्ली रन, कॉरपोरेट रन, वरिष्ठ नागरिक दौड़ और साथी के साथ दिव्यांग चैंपियंस दौड़ भी आयोजित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story