विश्व आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, 65 देशों में पांचवां स्थान हासिल किया
- भारतीय खिलाड़ियों ने जीते 59 पदक, तय समय से तीन साल पहले शीर्ष पांच में बनाई जगह
नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। भारत ने 47वीं विश्व आर्म रेसलिंग और 28वीं विश्व पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 65 देशों के बीच पांचवां स्थान हासिल किया। नई दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 59 पदक जीते, जिनमें नौ स्वर्ण, 19 रजत और 31 कांस्य पदक शामिल हैं।
पीपुल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीएएफआई) और प्रो पंजा लीग ने वर्ष 2026 के लिए शीर्ष 10 में जगह बनाने और अगले तीन वर्षों में शीर्ष पांच में पहुंचने का लक्ष्य रखा था। भारतीय खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि निर्धारित समय से तीन साल पहले ही हासिल कर ली।
भारतीय दल के प्रदर्शन में पैरा खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। उन्होंने दो स्वर्ण, 10 रजत और 14 कांस्य सहित कुल 26 पदक जीते। इस प्रदर्शन के साथ भारत पैरा वर्ग की पदक तालिका में पांचवें स्थान पर रहा।
सब-जूनियर, जूनियर और युवा वर्ग के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य सहित 20 पदक जीते। मास्टर्स और ग्रैंड मास्टर्स वर्ग में भारतीय खिलाड़ियों को चार स्वर्ण, एक रजत और सात कांस्य सहित 12 पदक मिले। सीनियर वर्ग में भारत ने एक कांस्य पदक हासिल किया।
ग्रैंड मास्टर महिला 80 किलोग्राम वर्ग में जिन्सीमोल सेबेस्टियन ने दोनों हाथों से स्वर्ण पदक जीते। योगेश चौधरी और शौकत वीटी ने भी दाएं हाथ से स्वर्ण और बाएं हाथ से कांस्य पदक हासिल किया। सीनियर महिला 70 किलोग्राम वर्ग में मधुरा केएन ने दाएं हाथ की स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
पहली बार भारत में आयोजित हुई विश्व चैंपियनशिप
प्रो पंजा लीग की सह-संस्थापक प्रीति झांगियानी और परवीन डबास ने भारत में आर्म रेसलिंग को पेशेवर स्वरूप देने और जमीनी स्तर से अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक खिलाड़ियों के लिए व्यवस्थित मंच तैयार करने की पहल की है।
पीएएफआई की अध्यक्ष और एशियन आर्म रेसलिंग फेडरेशन की उपाध्यक्ष प्रीति झांगियानी के नेतृत्व में भारत ने पहली बार इस विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी की। भारतीय खिलाड़ियों को रूस, कजाकिस्तान, बुल्गारिया, तुर्किये, जॉर्जिया, घाना और ऑस्ट्रेलिया सहित दुनिया के प्रमुख आर्म रेसलिंग देशों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिला।
प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक परवीन डबास ने कहा, “दुनिया में पांचवां स्थान हासिल करना हमारे दो शानदार खिलाड़ी समूहों- पैरा आर्म रेसलिंग खिलाड़ियों और सामान्य वर्ग के खिलाड़ियों की उपलब्धि है। हमारे पैरा खिलाड़ियों ने भारत के कुल पदकों में लगभग आधे पदकों का योगदान दिया और पैरा तथा सामान्य वर्ग की तालिका में देश को पांचवें स्थान पर पहुंचाने में भूमिका निभाई। जूनियर, मास्टर्स और सीनियर खिलाड़ियों ने भी हर मुकाबले में इसी जज्बे का प्रदर्शन किया। हमने तीन साल के भीतर शीर्ष पांच में पहुंचने का लक्ष्य रखा था, लेकिन इन खिलाड़ियों ने इसी साल यह उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने साबित किया है कि भारतीय आर्म रेसलिंग के हर वर्ग में दमदार प्रतिभा मौजूद है।”
पीएएफआई की अध्यक्ष, एशियन आर्म रेसलिंग फेडरेशन की उपाध्यक्ष और प्रो पंजा लीग की सह-संस्थापक प्रीति झांगियानी ने कहा, “विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करना भारत के लिए सम्मान की बात थी। कुल मिलाकर पांचवां स्थान हासिल करना फेडरेशन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की बड़ी उपलब्धि है। यह परिणाम हमारे तय लक्ष्य से काफी पहले आया है और देश में विभिन्न आयु वर्गों के साथ-साथ पैरा आर्म रेसलिंग में मौजूद प्रतिभा की गहराई को दर्शाता है। हम इस उपलब्धि को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर सकें।”
कनाडा में 2027 में होगी अगली चैंपियनशिप-
विश्व आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप का अगला संस्करण 2027 में कनाडा में आयोजित किया जाएगा। वहीं, भारत में प्रो पंजा लीग का पूनावाला गोल्ड संस्करण-2 आगामी 28 नवंबर को पुणे में होगा। इसमें विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता योगेश चौधरी, हरकोमल सिंह गिल और आभास राणा भी हिस्सा लेंगे।
पीएएफआई ने विश्व आर्म रेसलिंग फेडरेशन के मार्गदर्शन में इस चैंपियनशिप का आयोजन किया। प्रतियोगिता 29 अक्टूबर से छह नवंबर तक पूर्वी दिल्ली के लीला एम्बियंस कन्वेंशन होटल में हुई। इसमें 1,700 से अधिक खिलाड़ियों, अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता की समग्र पदक तालिका में रूस ने पहला, कजाकिस्तान ने दूसरा और तुर्किये ने तीसरा स्थान हासिल किया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

