एशियन पैरा खेल: शीतल देवी और तोमन कुमार ने तीरंदाजी में जीता स्वर्ण, क्वालीफिकेशन में विश्व रिकॉर्ड भी बनाया

WhatsApp Channel Join Now
एशियन पैरा खेल: शीतल देवी और तोमन कुमार ने तीरंदाजी में जीता स्वर्ण, क्वालीफिकेशन में विश्व रिकॉर्ड भी बनाया


एशियन पैरा खेल: शीतल देवी और तोमन कुमार ने तीरंदाजी में जीता स्वर्ण, क्वालीफिकेशन में विश्व रिकॉर्ड भी बनाया


मिश्रित टीम कंपाउंड स्पर्धा के फाइनल में इंडोनेशिया को 151-148 से हराया, भारत को दिलाया स्वर्ण पदक

आइची-नागोया (जापान), 22 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की शीतल देवी और तोमन कुमार ने एशियाई पैरा खेलों में तीरंदाजी की मिश्रित टीम कंपाउंड स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। गुरुवार को खेले गए फाइनल में भारतीय जोड़ी ने इंडोनेशिया की तेओदोरा ऑडी ऑडिया फेरेली और केन स्वागुमिलांग को 151-148 से हराया।

शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने इससे पहले क्वालीफिकेशन दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1402 अंक हासिल किए थे। इसके साथ ही दोनों ने नया विश्व रिकॉर्ड बनाया और पिछले रिकॉर्ड को दो अंकों से पीछे छोड़ दिया। फाइनल में भी भारतीय तीरंदाजों ने शुरुआत से बढ़त बनाए रखी और मुकाबले को अपने नाम किया।

भारतीय जोड़ी ने पहले दौर में 38-37 की बढ़त बनाई। दूसरे दौर में लगातार सटीक निशाने लगाते हुए स्कोर 77-73 कर दिया और चार अंकों की बढ़त हासिल की। तीसरे दौर में इंडोनेशियाई जोड़ी ने एक अंक की बढ़त जरूर बनाई, लेकिन भारत की कुल बढ़त तीन अंक बनी रही। अंतिम दौर में दोनों टीमों ने 38-38 अंक हासिल किए। इस तरह भारत ने तीन अंकों के अंतर से स्वर्ण पदक जीत लिया।

शीतल देवी का प्रदर्शन एक बार फिर प्रेरणादायक रहा। जन्म से दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद वह अपने पैरों और टांगों की मदद से कंपाउंड धनुष को संभालती हैं, जबकि कंधे और जबड़े के सहारे प्रत्यंचा खींचकर निशाना साधती हैं। उनकी असाधारण तकनीक और तोमन कुमार के साथ बेहतरीन तालमेल ने भारत को इस स्पर्धा में शीर्ष स्थान दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764705 Articles

Share this story