एशियाई खेल: धीरज बोम्मदेवरा ने रिकर्व क्वालिफिकेशन में एशियाई और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेल: धीरज बोम्मदेवरा ने रिकर्व क्वालिफिकेशन में एशियाई और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया


आइची-नगोया, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मदेवरा ने एशियाई खेल 2026 में पुरुष रिकर्व क्वालिफिकेशन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 698 अंक के साथ एशियाई और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इस प्रदर्शन के साथ धीरज ने व्यक्तिगत स्पर्धा में शीर्ष वरीयता हासिल की और भारत को पुरुष टीम क्वालिफिकेशन में तीसरा स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

धीरज ने 72 तीरों की क्वालिफिकेशन में 698 अंक जुटाए। नीरज चौहान 676 अंकों के साथ 20वें और यशदीप भोगे 665 अंकों के साथ 25वें स्थान पर रहे। तीनों भारतीय तीरंदाजों का संयुक्त स्कोर 2039 रहा, जिससे भारतीय टीम क्वालिफिकेशन में तीसरे स्थान पर रही।

क्वालिफिकेशन के नतीजे नॉकआउट दौर के ड्रॉ और वरीयता तय करने के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे। पुरुष टीम स्पर्धा में भारत तीसरी वरीयता के साथ उतरेगा। वहीं, धीरज व्यक्तिगत स्पर्धा में शीर्ष वरीय खिलाड़ी होंगे। क्वालिफिकेशन में हासिल किए गए अंकों के लिए कोई पदक नहीं दिया जाता और पदक का फैसला आगामी नॉकआउट मुकाबलों में होगा।

महिला कंपाउंड टीम दूसरे स्थान पर

महिला कंपाउंड क्वालिफिकेशन में चिकिता तनीपार्थी ने 705 अंक के साथ व्यक्तिगत वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया। ज्योति सुरेखा वेन्नम 699 अंकों के साथ 13वें और पृथिका प्रदीप 695 अंकों के साथ 20वें स्थान पर रहीं। भारतीय टीम का कुल स्कोर 2099 रहा और टीम क्वालिफिकेशन में भारत दूसरे स्थान पर रहा।

खबर लिखे जाने तक भारत ने एशियाई खेलों में 26 पदक जीते हैं, जिनमें दो स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य शामिल हैं। भारत पदक तालिका में 12वें स्थान पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story