पैरा एशियाई खेल: नवीन ने जीता स्वर्ण, सुमति और निमिषा को रजत

WhatsApp Channel Join Now
पैरा एशियाई खेल: नवीन ने जीता स्वर्ण, सुमति और निमिषा को रजत


आइची-नागोया, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पैरा एशियाई खेल-2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। पैरा बैडमिंटन में नवीन शिवकुमार ने पुरुष एकल एसएल-4 स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता, जबकि सुमति सिवन नित्या श्री को महिला एकल में रजत पदक मिला। एथलेटिक्स में प्रमोद ने पुरुषों की 1500 मीटर टी46 स्पर्धा और निमिषा चक्कुंगलपरम्बिल ने महिलाओं की लंबी कूद में रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत ने एशियन पैरा खेल में 100 पदक पूरे हो गए हैं। समाचार लिखे जाने तक पदक तालिका में 100 पदक (25 स्वर्ण, 32 रजत,43 कांस्य) के साथ भारत चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

नवीन शिवकुमार ने पुरुष एकल एसएल-4 के फाइनल में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को सीधे गेमों में 21-9, 21-17 से हराया। 36 मिनट तक चले मुकाबले में नवीन ने पहले गेम में दबदबा बनाया और दूसरे गेम में प्रतिद्वंद्वी की चुनौती का सामना करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

महिला एकल बैडमिंटन के फाइनल में भारत की सुमति सिवन नित्या श्री को चीन की ली फेंगमेई से 12-21, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा। 26 मिनट तक चले मुकाबले में ली फेंगमेई ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि नित्या श्री को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

एथलेटिक्स की पुरुषों की 1500 मीटर टी46 स्पर्धा में भारत के प्रमोद ने 4 मिनट 9.65 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक जीता। श्रीलंका के पी. वहुम्पुरागे ने 4 मिनट 3.25 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया और खेलों का रिकॉर्ड बनाया। फिलीपींस के किंग जेम्स रेयेस ने 4 मिनट 13.81 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

महिलाओं की लंबी कूद टी46/टी47 स्पर्धा में भारत की निमिषा चक्कुंगलपरम्बिल ने 5.37 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता। उन्होंने तीसरे प्रयास में अपना पदक जीतने वाला सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। श्रीलंका की धनंजना विक्रमसिंघे ने 5.52 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता और खेलों का रिकॉर्ड बनाया। चीन की जिन चेन ने 5.17 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक हासिल किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765281 Articles

Share this story