एशियाई पैरा खेल : होकाटो होतोझे सेमा ने गोला फेंक में जीता कांस्य पदक

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई पैरा खेल : होकाटो होतोझे सेमा ने गोला फेंक में जीता कांस्य पदक


आइची-नागोया, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के होकाटो होतोझे सेमा ने पांचवें एशियाई पैरा खेल-2026 में पुरुषों की गोला फेंक स्पर्धा के एफ-56/एफ-57 वर्ग में कांस्य पदक जीत लिया। उन्होंने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में 14.65 मीटर गोला फेंककर 999 रजा अंक हासिल किए। इसी स्पर्धा में भारत के सोमन राणा 942 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे।

ईरान के यासीन खोसरावी ने 15.25 मीटर के खेलों के नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि सऊदी अरब के हैदर सलाह ने 14.97 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

नागालैंड के रहने वाले होकाटो होतोझे सेमा भारतीय सेना में हवलदार हैं। 14 अक्टूबर 2002 को घुसपैठ रोधी अभियान के दौरान बारूदी सुरंग विस्फोट में उनका बायां पैर घुटने के नीचे से कट गया था। इस गंभीर चोट के बावजूद उन्होंने खेलों में अपनी नई पहचान बनाई और पैरा एथलेटिक्स को अपनाया।

होकाटो ने पेरिस पैरालंपिक-2024 में भी गोला फेंक में कांस्य पदक जीता था। वह 2022 के एशियाई पैरा खेलों में भी कांस्य पदक अपने नाम कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने 2024 और 2025 के भारतीय ओपन में क्रमशः रजत और स्वर्ण पदक जीते। इस बार उन्होंने अपने पिछले एशियाई पैरा खेलों के प्रदर्शन में सुधार किया। वर्ष 2022 में वह 13.48 मीटर के प्रयास के साथ चौथे स्थान पर रहे थे, जबकि इस बार 14.65 मीटर के साथ पदक जीतने में सफल रहे।

सोमन राणा ने 2022 के एशियाई पैरा खेलों में कांस्य पदक जीता था, लेकिन इस बार वह चौथे स्थान पर रहे। इसके साथ ही दोनों भारतीय खिलाड़ियों का इन खेलों में अभियान समाप्त हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764060 Articles

Share this story