दूसरा अनौपचारिक टेस्ट: बॉयल के शतक और फॉक्सक्रॉफ्ट के अर्धशतक से न्यूजीलैंड ए मजबूत

WhatsApp Channel Join Now
दूसरा अनौपचारिक टेस्ट: बॉयल के शतक और फॉक्सक्रॉफ्ट के अर्धशतक से न्यूजीलैंड ए मजबूत


क्राइस्टचर्च (न्यूजीलैंड), 01 नवंबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड ए ने दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को मैथ्यू बॉयल के शतक और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के अर्धशतक की बदौलत अच्छी वापसी की। इससे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने तीन विकेट के नुकसान पर 218 रन बना लिए हैं। टीम अभी भी भारत के पहली पारी के स्कोर से 128 रन पीछे है।

मैथ्यू बॉयल 148 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 107 रन और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 180 गेंदों में 80 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 205 रनों की नाबाद साझेदारी हो चुकी है, जिसने न्यूजीलैंड को शुरुआती झटकों से उबार कर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।

इससे पहले इंडिया ए की पहली पारी में ध्रुव जुरेल ने शतक लगाया। वह 171 गेंदों में 105 रन बनाने के बाद आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और तीन छक्के लगाए। इसके अलावा आकाशदीप ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 रन बनाए। इन दोनों की पारियों की बदौलत भारत पहली पारी में 346 रन बनाने में सफल रहा। इंडिया ए के लिए पहली पारी में साई सुदर्शन ने 41 और देवदत्त पडिक्कल ने भी 80 रन की पारी खेली थी।

346 रनों के जवाब में अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ए की शुरुआत खराब रही। कप्तान रीस मारियू 4 रन, कर्टिस हेफी 4 रन और टिम रॉबिन्सन 3 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि इसके बाद मैथ्यू बॉयल और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए वापसी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ए भारत के पहली पारी के स्कोर से 128 रन पीछे है और उसके सात विकेट शेष हैं। ऐसे में तीसरा दिन मुकाबले के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770420 Articles

Share this story