महिला टी-20 विश्व कप ने हासिल की रिकॉर्डतोड़ सफलता, लक्ष्य पूरी तरह हासिल : जय शाह

WhatsApp Channel Join Now
महिला टी-20 विश्व कप ने हासिल की रिकॉर्डतोड़ सफलता, लक्ष्य पूरी तरह हासिल : जय शाह


लंदन (इंग्लैंड), 5 जुलाई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने बताया कि महिला टी-20 विश्व कप 2026 ने रिकॉर्डतोड़ सफलता प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि 2026 विश्वकप को अब तक का सबसे बड़ा टी-20 विश्व कप बनाने का लक्ष्य पूरी तरह हासिल हुआ है। रिकॉर्ड दर्शक उपस्थिति और डिजिटल व्यूअरशिप इसकी सफलता का प्रमाण हैं।

जय शाह ने रविवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा कि हमारा लक्ष्य था कि यह अब तक का सबसे बड़ा टी-20 विश्व कप हो। रिकॉर्ड तोड़ उपस्थिति और दुनिया भर में टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बड़ी दर्शक संख्या के साथ, हमने इसे हासिल कर लिया है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया को शुभकामनाएं, जो लॉर्ड्स में फाइनल में निश्चित रूप से एक शानदार मुकाबला पेश करेंगे।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच महिला टी-20 विश्व कप 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार को लॉर्ड्स के मैदान पर होगा। ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। वहीं, मेजबान इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराया था। फाइनल मुकाबले की शुरुआत भारतीय समय अनुसार रात आठ बजे से होगी। ऑस्ट्रेलिया महिला टी-20 विश्व कप की सबसे सफल टीम है। उसने 6 बार खिताब हासिल किया है जबकि, इंग्लैंड की टीम एक बार चैंपियन रही है। टी-20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्टेलिया और इंग्लैंड की यह चौथी भिड़ंत होगी। इससे पहले तीनों ही बार फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story