श्री चरणी को भरोसा, इंग्लैंड के विरूद्ध निर्णायक टी-20 मुकाबले में मजबूत वापसी करेगा भारत
ब्रिस्टल, 31 मई (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने भरोसा जताया है कि इंग्लैंड के विरुद्ध तीन मैचों की टी-20 सीरीज के आखिरी एवं निर्णायक मुकाबले में हम मजबूत वापसी करेंगे। टीम इस चुनौती के लिए तैयार है।
मेजबान इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार को भारतीय टीम को दूसरे टी-20 मैच में 26 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। भारत ने पहला मैच 38 रनों से जीता था। सीरीज का आखिरी मैच दो जून को खेला जाएगा। यह सीरीज 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होने वाले महिला टी-20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम की तैयारी को मजबूत कर रही है।
चरणी ने दूसरे मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मुझे लगता है कि हमारे लिए हर मैच जीतना महत्वपूर्ण है, ताकि हमें आत्मविश्वास मिले या मैच से कुछ हासिल हो सके। अगर हम यहां जीत जाते, तो मुझे लगता है कि हमारी दो जीत हो जातीं, जिससे हमें और अधिक आत्मविश्वास मिलता। उन्होंने आगे कहा कि अब हमारे सामने एक अच्छी चुनौती है। मुझे लगता है कि हम इस चुनौती को स्वीकार करेंगे और उसके लिए तैयार हैं।
दूसरे मैच में भारतीय टीम की हार के बावजूद युवा बाएं हाथ की स्पिनर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए थे। चरानी ने अपनी गेंदबाजी पर कहा कि मैं बस अपनी ताकत के हिसाब से गेंदबाजी करने की कोशिश कर रही हूं, बस इतना ही। मैं कुछ और नया करने की कोशिश नहीं कर रही हूं। मुझे लगता है कि गेंद को टर्न कराना मेरी सबसे बड़ी ताकत है।
इस सीरीज के बाद भारतीय महिला टीम 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

