सोनकपुर स्टेडियम क्रिकेट टीम ने एमपीएस को 35 रन से शिकस्त दी
मुरादाबाद, 06 अगस्त (हि.स.)। ब्रास सिटी प्री मानसून जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन गुरुवार को एमपीएस क्रिकेट एकेडमी मैदान पर आयोजित मैच में सोनकपुर स्टेडियम क्रिकेट टीम ने एमपीएस क्रिकेट एकेडमी टीम को 35 रन से शिकस्त दी। आलराउंड प्रदर्शन के लिए मोहित को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि गुरुवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सोनकपुर स्टेडियम क्रिकेट टीम ने 20 ओवर में 175 रन बनाए,जिसमें तुषार ने 63, मोहित ने 53 रन, प्रशांत ने 25 और सागर सक्सेना ने 22 रन का सहयोग दिया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमपीएस क्रिकेट एकेडमी टीम के बल्लेबाज सोनकपुर स्टेडियम टीम की धारदार गेंदबाजी के सामने बेबस नजर आए। पूरी 19 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। टीम के लिए प्रताप सिंह 42 रन, समर्थ ने 32 मोहित ने 28 रनों का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज दहाई का अंक भी नहीं छू सके। सोनकपुर स्टेडियम टीम मोहित ने 20 रन देकर 4 विकेट चटकाए। सचिन सिंह और अग्रिम ने दो-दो विकेट हासिल किए। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सोनकपुर स्टेडियम टीम के मोहित को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

