सोनकपुर स्पोर्ट्स क्रिकेट एकेडमी टीम ने 10 विकेट से जीता मैच

WhatsApp Channel Join Now
सोनकपुर स्पोर्ट्स क्रिकेट एकेडमी टीम ने 10 विकेट से जीता मैच


ब्रास सिटी प्री मानसून क्रिकेट टूर्नामेंट का पांचवां दिन

मुरादाबाद, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में ब्रास सिटी प्री मानसून क्रिकेट टूर्नामेंट के पांचवें दिन सोनकपुर स्पोर्ट्स क्रिकेट एकेडमी टीम ने गुरुवार को शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए आरआरके मुरादाबाद क्रिकेट एकेडमी टीम को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। सोनकपुर स्पोर्ट्स क्रिकेट एकेडमी टीम के गेंदबाजों ने विरोधी टीम को महज 78 रन पर समेट दिया, फिर मो. फैज और सिद्धार्थ की तूफानी बल्लेबाजी ने मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। सोनकपुर स्पोर्ट्स क्रिकेट एकेडमी ने बिना कोई विकेट गंवाए सिर्फ 4.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत अपने नाम कर ली।

डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरआरके मुरादाबाद क्रिकेट एकेडमी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सोनकपुर के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही कसी हुई गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पूरी टीम 16 ओवर में 78 रन पर सिमट गई। सत्यम ने 15 रन बनाकर सर्वाधिक स्कोर किया, जबकि विकेटकीपर अभय मीना ने 12 और अमोघ ने 11 रन का योगदान दिया। टीम के चार बल्लेबाज बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।

सोनकपुर स्पोर्ट्स क्रिकेट एकेडमी की ओर से जकी मलिक ने सबसे घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 20 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट झटके। कप्तान अरबाज खान ने तीन ओवर में 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए। आतिफ ने दो ओवर में सिर्फ एक रन खर्च कर एक विकेट लिया, जबकि उबैस और शाकिब पाशा ने भी एक-एक सफलता अर्जित कर आरआरके यलो की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

79 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सोनकपुर स्पोर्ट्स क्रिकेट एकेडमी ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद फैज ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट खेलते हुए मात्र 18 गेंदों पर नाबाद 56 रन ठोक दिए। उनकी विस्फोटक पारी में पांच चौके और छह गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। दूसरे छोर पर सिद्धार्थ ने भी सिर्फ सात गेंदों में नाबाद 25 रन बनाते हुए एक चौका और तीन छक्के लगाए। दोनों बल्लेबाजों ने आरआरके के गेंदबाजों पर पूरी तरह दबाव बनाए रखा और टीम को बिना किसी नुकसान के 4.1 ओवर में 81 रन तक पहुंचाकर 10 विकेट से शानदार जीत दिला दी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story