स्मृति मंधाना बनीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान
नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम को नया कप्तान मिल गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को भारतीय महिला टीम का पूर्णकालिक व्हाइट-बॉल कप्तान नियुक्त किया है। वह वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टीम की कमान संभालेंगी। यह फैसला हरमनप्रीत कौर के सभी प्रारूपों की कप्तानी से हटने के बाद लिया गया है।
स्मृति लंबे समय से भारतीय महिला क्रिकेट की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रही हैं और टीम की प्रगति में उनकी अहम भूमिका रही है। 2013 से भारतीय टीम का हिस्सा रहीं स्मृति के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव है। उन्होंने घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया है। हाल में उनकी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2024 और 2026 में महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का खिताब जीता।
स्मृति इससे पहले भी भारतीय टीम की कप्तानी कर चुकी हैं। उन्होंने 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय और चार वनडे मैचों में भारत का नेतृत्व किया है। अब उन्हें पूर्णकालिक व्हाइट-बॉल कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कप्तानी मिलने पर स्मृति ने कहा कि भारत का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी उनके लिए बेहद खास सम्मान है। उन्होंने बीसीसीआई, चयनकर्ताओं, साथी खिलाड़ियों और अपने समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभाएंगी और टीम को आगे ले जाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देंगी।
उन्होंने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के योगदान की भी सराहना की। स्मृति ने कहा कि हरमनप्रीत ने लंबे समय तक पूरी प्रतिबद्धता के साथ टीम का नेतृत्व किया और भारतीय महिला क्रिकेट की यात्रा में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
बीसीसीआई ने जताया पूरा भरोसा
बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने स्मृति को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि वह कई वर्षों से भारतीय क्रिकेट का महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं और लगातार नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करती रही हैं। उनके अनुभव और खेल की समझ को टीम के लिए उपयोगी बताते हुए मन्हास ने कहा कि बोर्ड को स्मृति पर पूरा भरोसा है।
बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने स्मृति को बधाई देते हुए कहा कि वह भारतीय टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं और महिला क्रिकेट के कई महत्वपूर्ण पड़ावों की साक्षी रही हैं। उनके मुताबिक, भारत की कप्तानी बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन स्मृति के पास इसे निभाने का पर्याप्त अनुभव और स्वभाव है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

