इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट : स्काईलाइन इलेवन ने एमपीएस लेपर्ड्स को तीन विकेट से हराया

WhatsApp Channel Join Now
इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट : स्काईलाइन इलेवन ने एमपीएस लेपर्ड्स को तीन विकेट से हराया


मुरादाबाद, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में एक दिवसीय इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को स्काईलाइन इलेवन ने एमपीएस लेपर्ड्स को तीन विकेट से हराकर जीत दर्ज की। कम स्कोर वाले इस मुकाबले में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। स्काईलाइन इलेवन के कृष्ण को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मंगलवार को एमपीएस क्रिकेट एकेडमी के ग्राउंड पर खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए एमपीएस लेपर्ड्स की पूरी टीम 26.4 ओवर में 92 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से विकास कुमार ने 19 रन और दिव्यांश यादव ने 18 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सके। इसके अलावा टीम को अतिरिक्त के रूप में 29 रन भी मिले।

स्काईलाइन इलेवन की ओर से कृष्णा कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट झटके और टीम की जीत की नींव रखी। उनके साथ देव पाल ने भी तीन विकेट हासिल किए, जबकि आरुष ने दो विकेट लेकर एमपीएस की पारी को समेट दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्काईलाइन इलेवन की टीम ने 15.3 ओवर में सात विकेट खोकर 93 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से समर्थ शर्मा ने 43 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि बनर्जी ने 22 रन का योगदान दिया। अंत में शोएब अली ने नाबाद सात रन बनाकर जीत दिलाई। एमपीएस लेपर्ड्स की ओर से दिव्यांश यादव ने तीन विकेट लेकर संघर्ष किया, जबकि मोहम्मद अजहर, शिवम और समीर खान को एक-एक विकेट मिला। स्काईलाइन इलेवन की ओर से कृष्ण की बेहतरीन गेंदबाजी पर उनको मैन ऑफ द मैच चुना गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story