दुबई संकट के बाद स्वदेश लौटी पीवी सिंधु, रैंकिंग गिरने और स्विस ओपन में भागीदारी को लेकर चिंता

WhatsApp Channel Join Now


मुंबई/हैदराबाद, 03 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण दुबई में फंसी रहीं दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु सुरक्षित भारत लौट आई हैं, लेकिन अब उनकी चिंता बैडमिंटन विश्व रैंकिंग और आगामी टूर्नामेंट को लेकर है।

सिंधु बर्मिंघम में होने वाले प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा लेने जा रही थीं, तभी वहां हवाई क्षेत्र बंद होने और उड़ानें रद्द होने से वह दुबई में फंस गईं। कई वैकल्पिक मार्ग तलाशने के बावजूद समय पर इंग्लैंड पहुंचना संभव नहीं हो पाया, जिसके चलते उन्हें टूर्नामेंट से नाम वापस लेना पड़ा।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा आयोजित बातचीत में सिंधु ने कहा कि उन्होंने तीन स्टॉप और 24 घंटे की लंबी यात्रा का विकल्प भी देखा, लेकिन तब तक प्रतियोगिता शुरू हो चुकी होती।

अब उनका ध्यान 10 से 15 मार्च के बीच बासेल में होने वाले स्विस ओपन पर है। उन्हें बताया गया है कि अनुपस्थिति पर लगने वाला 5000 डॉलर का जुर्माना माफ किया जा सकता है, लेकिन रैंकिंग पर प्रभाव को लेकर बैटमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया है।

सिंधु ने बताया कि उनके कोच इरवानस्याह आदि प्रतामा एयरपोर्ट पर धमाके के समय मौजूद थे, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई थी। उन्होंने भारतीय दूतावास और सरकार का सहयोग के लिए आभार जताया।

निराशा के बावजूद सिंधु ने कहा, “मैंने ऑल इंग्लैंड के लिए कड़ी तैयारी की थी, लेकिन आखिरकार सुरक्षा सबसे पहले है।”

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story