सिक्किम में पहली बार जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप का आगाज

WhatsApp Channel Join Now
सिक्किम में पहली बार जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप का आगाज


- 28 राज्यों और पांच केंद्र शासित प्रदेशों की 33 टीमें ले रही हैं हिस्सा- 14 से 21 नवंबर तक चलेगी प्रतियोगिता, करीब 500 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

गंगटोक, 14 नवंबर (हि.स.)। सिक्किम की राजधानी गंगटोक स्थित पाल्जोर स्टेडियम परिसर के इंडोर बैडमिंटन हॉल में शनिवार को 'योनेक्स-सनराइज 49वीं अंतरराज्यीय एवं अंतर-क्षेत्रीय जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप-2026' का शुभारंभ हुआ। सिक्किम में पहली बार इतने प्रतिष्ठित स्तर की राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है।

उद्घाटन समारोह में शिक्षा, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री राजू बस्नेत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। 14 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप को सिक्किम सरकार ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम का दर्जा दिया है। प्रतियोगिता में 28 राज्यों और पांच केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 33 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें करीब 500 जूनियर बैडमिंटन खिलाड़ी शामिल हैं। इनके अलावा विभिन्न राज्यों के बैडमिंटन संघों और बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) के प्रशिक्षक, अभिभावक, पदाधिकारी तथा प्रतिनिधि भी आयोजन में शामिल हुए हैं। इसमें 600 से अधिक लोगों की भागीदारी की उम्मीद है।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत प्रतिभागी राज्यों की टीमों के औपचारिक मार्च पास्ट और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद खिलाड़ियों और अधिकारियों ने खेल भावना तथा निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए शपथ ली। सिक्किम की छात्र प्रतिनिधि हिग्जेन डोल्मा लाचेनपा ने उन्हें शपथ दिलाई।

मुख्य अतिथि मंत्री राजू बस्नेत ने चैंपियनशिप का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर सिक्किम की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती प्रस्तुतियों ने समारोह की शोभा बढ़ाई।

उद्घाटन समारोह के बाद टीम चैंपियनशिप के मुकाबले शुरू हो गए। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता 19 वर्ष से कम आयु के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय रैंकिंग में सुधार का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।

टीम चैंपियनशिप के मुकाबले शनिवार से शुरू हुए हैं, जबकि अंडर-19 खिलाड़ियों की व्यक्तिगत चैंपियनशिप 16 नवंबर से शुरू होगी। इसका फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को खेला जाएगा। पूरी प्रतियोगिता 21 नवंबर को संपन्न होगी।

सिक्किम में राष्ट्रीय स्तर की इस चैंपियनशिप का आयोजन राज्य में बैडमिंटन के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777100 Articles

Share this story