आईएलटी-20 : शारजाह वॉरियर्स के कप्तान बने सिकंदर रजा, पांचवें सत्र में संभालेंगे टीम की कमान

WhatsApp Channel Join Now
आईएलटी-20 : शारजाह वॉरियर्स के कप्तान बने सिकंदर रजा, पांचवें सत्र में संभालेंगे टीम की कमान


आईएलटी-20 : शारजाह वॉरियर्स के कप्तान बने सिकंदर रजा, पांचवें सत्र में संभालेंगे टीम की कमान


शारजाह, 14 नवंबर (हि.स.)। जिम्बाब्वे के स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा को डीपी वर्ल्ड इंटरनेशनल लीग टी-20 (आईएलटी-20) के पांचवें सत्र के लिए शारजाह वॉरियर्स का कप्तान नियुक्त किया गया है। मौजूदा समय में टी-20 अंतरराष्ट्रीय के नंबर एक ऑलराउंडर रजा नए मुख्य कोच एड्रियन बिरेल के मार्गदर्शन में टीम का नेतृत्व करेंगे। फ्रेंचाइजी ने आगामी सत्र के लिए टीम में कई बदलाव किए हैं और खिताब की मजबूत दावेदारी पेश करने का लक्ष्य रखा है।

रजा को कप्तानी सौंपने के पीछे उनके अनुभव और बल्ले तथा गेंद से योगदान को अहम माना जा रहा है। पिछले सत्र में उन्होंने शारजाह वॉरियर्स के लिए 10 मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने 125.74 के स्ट्राइक रेट से 171 रन बनाए और 10 विकेट भी हासिल किए। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 15 रन देकर दो विकेट रहा था।

कप्तान नियुक्त किए जाने पर रजा ने कहा कि शारजाह वॉरियर्स की कमान मिलना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने टीम प्रबंधन का भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीम में अनुभव और प्रतिभा का अच्छा संतुलन है। उनका लक्ष्य खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल बनाना, सकारात्मक माहौल तैयार करना और मैदान पर आक्रामक अंदाज में खेलना होगा।

टीम ने पांचवें सत्र के लिए अपने कोचिंग और खिलाड़ी दल में भी बड़े बदलाव किए हैं। एड्रियन बिरेल को मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले सनराइजर्स ईस्टर्न केप को एसए-20 के तीन खिताब दिला चुके हैं। टीम में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज रिचर्ड ग्लीसन, अफगानिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद नबी, लेग स्पिनर आदिल राशिद और ऑलराउंडर पॉल वाल्टर को शामिल किया गया है। इनके अलावा जेम्स विंस, एडम मिल्ने और वकार सलामखेल को नीलामी से पहले ही टीम से जोड़ा गया था।

शारजाह वॉरियर्स के मुख्य परिचालन अधिकारी क्षेमल वाइंगंकर ने कहा कि रजा के पास अनुभव, धैर्य और खेल की अच्छी समझ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए कोच और मजबूत टीम संयोजन के साथ फ्रेंचाइजी इस बार खिताब के लिए चुनौती पेश करेगी।

शारजाह वॉरियर्स अपने अभियान की शुरुआत 22 नवंबर को गल्फ जायंट्स के खिलाफ करेगी। टूर्नामेंट 20 दिसंबर तक चलेगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777274 Articles

Share this story