म्यूनिख विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा, मनु भाकर तीन स्पर्धाओं में लेंगी हिस्सा
नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित होने वाले इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल 2026 में भारत की 22 सदस्यीय टीम हिस्सा लेगी। टीम में शामिल दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर दो व्यक्तिगत पिस्टल स्पर्धा के साथ मिक्स्ड टीम पिस्टल स्पर्धा में भी भाग लेंगी।
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने रविवार को टीम की घोषणा की, जिसमें अनुभवी और युवा निशानेबाजों का मिश्रण है। प्रतियोगिताएं 26 मई से शुरू होंगी, जिसकी शुरुआत महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल प्रिसिजन चरण से होगी। इसके साथ ही पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन और महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशंस एलिमिनेशन राउंड भी शुरू होंगे। इसके बाद पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल क्वालिफिकेशन होगी। पहले दिन पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल भी खेले जाएंगे।
म्यूनिख में 80 देशों के कुल 696 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें कई ओलंपिक और विश्व चैंपियन शामिल हैं। सभी खिलाड़ी आगामी बहु-खेल आयोजनों और साल के अंत में होने वाली शूटिंग विश्व चैंपियनशिप से पहले अपनी तैयारी को परखेंगे।
भारत ने अप्रैल में ग्रेनाडा में हुए राइफल/पिस्टल विश्व कप में एक स्वर्ण पदक जीता था। उस टूर्नामेंट में भारत ने ऐसे निशानेबाजों को उतारा था जिनकी घरेलू रैंकिंग तीसरे से छठे स्थान के बीच थी। म्यूनिख में इस साल पहली बार भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले राइफल और पिस्टल निशानेबाज़ विदेशी धरती पर किसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उतरेंगे।
टीम में दो बार की ओलंपियन और पूर्व एशियाई खेल चैंपियन राही सरनोबत म्यूनिख में भारतीय दल की सबसे अनुभवी निशानेबाजी होंगी। अन्य अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में मौजूदा विश्व चैंपियन सम्राट राणा, पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्क्ष पाटिल, विश्व चैंपियनशिप रजत पदक विजेता अनीश भनवाला और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता एलावेनिल वलारिवन, सुरुचि सिंह और मौजूदा म्यूनिख मिक्स्ड टीम चैंपियन अर्जुन बाबूता शामिल हैं।
भारतीय टीम के नए चेहरों में महाराष्ट्र के पुणे की 22 वर्षीय साक्षी पाडेकर शामिल हैं। इसके अलावा सूरज शर्मा सबसे युवा हैं और उनकी उम्र केवल 18 वर्ष है। अजेंद्र सिंह चौहान ने घरेलू सर्किट में शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बनाई। वहीं, उधयवीर सिद्धू म्यूनिख में पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में भाग लेंगे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

