सौरभ चौधरी और साक्षी पाडेकर ने जीता स्वर्ण, कुमार सुरेंद्र सिंह शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सौरभ चौधरी और साक्षी पाडेकर ने जीता स्वर्ण, कुमार सुरेंद्र सिंह शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन


नई दिल्ली/भोपाल, 14 मई (हि.स.)। 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में गुरुवार को कई युवा और अनुभवी निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सौरभ चौधरी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशंस स्पर्धा में महाराष्ट्र की साक्षी सुनील पाडेकर विजेता रहीं। प्रतियोगिता का आयोजन नई दिल्ली के डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज और भोपाल स्थित मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में किया जा रहा है।

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल आईएसएसएफ स्पर्धा के फाइनल में रेलवे के सौरभ चौधरी ने 242.8 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश के गौरव ने 240.7 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि दिल्ली के हार्दिक बंसल ने कांस्य पदक अपने नाम किया। क्वालिफिकेशन राउंड में हरियाणा के कमलजीत चौधरी शीर्ष पर रहे थे, लेकिन फाइनल में सौरभ ने शानदार वापसी करते हुए बाजी मार ली।

महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशंस स्पर्धा में महाराष्ट्र की साक्षी पाडेकर ने 357.7 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। पंजाब की अनुभवी निशानेबाज अंजुम मौदगिल ने बेहद करीबी मुकाबले में 357.2 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया। महाराष्ट्र की आकृति दहिया तीसरे स्थान पर रहीं। साक्षी ने क्वालिफिकेशन में 590-34 स्कोर कर चैंपियनशिप रिकॉर्ड की बराबरी भी की।

जूनियर महिला वर्ग की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशंस स्पर्धा में उत्तर प्रदेश की मान्या मित्तल ने स्वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश की प्रथा राठौड़ दूसरे और हरियाणा की हेजल तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं जूनियर पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में राजस्थान के अभिषेक सैनी विजेता बने। दिलचस्प बात यह रही कि फाइनल में अभिषेक और योगेश कुमार दोनों का स्कोर समान रहा, लेकिन बेहतर शॉट के आधार पर अभिषेक को विजेता घोषित किया गया।

युवा पुरुष वर्ग में राजस्थान के देवेंद्र फार्सवाल ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरियाणा के प्रियांशु यादव दूसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में देशभर के युवा निशानेबाजों का प्रदर्शन भविष्य के लिए बेहद उत्साहजनक माना जा रहा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story