रायगढ़ में पांच व छह दिसंबर को होगा जिलास्तरीय सांसद खेल महोत्सव, तैयारियाँ अंतिम चरण में

WhatsApp Channel Join Now
रायगढ़ में पांच व छह दिसंबर को होगा जिलास्तरीय सांसद खेल महोत्सव, तैयारियाँ अंतिम चरण में


रायगढ़, 3 दिसंबर (हि.स.)। रायगढ़ जिले में युवा ऊर्जा और खेल संस्कृति को मजबूत आधार देने वाले जिलास्तरीय सांसद खेल महोत्सव की तैयारियाँ तेज रफ्तार से अंतिम रूप ले रही हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आयोजन से जुड़े सभी विभागों को जिम्मेदारियाँ सौंपते हुए निर्देश दिया है कि सभी व्यवस्थाएँ समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएँ।

दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का आयोजन 5 और 6 दिसंबर 2025 को विकासखंड घरघोड़ा स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय परिसर एवं क्रिकेट मैदान में बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। जिले के उभरते खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने तथा प्रतिस्पर्धात्मक खेल वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह महोत्सव रायगढ़ के प्रमुख खेल आयोजनों में अपनी विशेष पहचान बना चुका है।

पहले दिन महिला व दूसरे दिन पुरुष वर्ग की हाेगी प्रतियोगिताएँ

इस महोत्सव में 5 दिसंबर को महिला वर्ग और 6 दिसंबर को पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। जिले के सभी विकासखण्डों से आए खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपना दमखम दिखाएंगे। आयोजन में लगभग 1200 प्रतिभागियों—खिलाड़ियों, निर्णायकों, ऑफिसियल्स और सहयोगी दलों के शामिल होने की संभावना है, जिससे खेल मैदानों पर जोश और उत्साह का माहौल रहेगा।

सभी तैयारियाँ लगभग पूरी

खिलाड़ियों के ठहराव, भोजन, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, खेल सामग्री और प्रतियोगिताओं के संचालन सहित सभी तैयारियाँ तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। कलेक्टर ने हर व्यवस्था को समयबद्ध और प्रभावी रूप से पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रतियोगिताएँ निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में सफलता पूर्वक संपन्न हो सकें।

5 और 6 दिसंबर को घरघोड़ा का मैदान खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, जहां जिले की नई खेल प्रतिभाएँ अपने प्रदर्शन से रायगढ़ का गौरव बढ़ाने को तैयार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story