एशियाड-2026 के लिए भारतीय रोइंग टीम में अमेठी से चुने गए सलमान खान

WhatsApp Channel Join Now
एशियाड-2026 के लिए भारतीय रोइंग टीम में अमेठी से चुने गए सलमान खान


अमेठी, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद के खेल जगत के लिए गौरव का क्षण है। अमेठी के प्रतिभावान खिलाड़ी सलमान खान का एशियाड-2026 के लिए भारतीय रोइंग टीम में चयन हुआ है। उनके चयन की खबर मिलते ही खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और जिले के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। सलमान खान के चयन को अमेठी की खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि सलमान खान ने अपनी मेहनत, लगन और लगातार अभ्यास के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। भारतीय रोइंग टीम में स्थान हासिल करना उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल हो गया है। एशियाड-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से जिले के खिलाड़ियों में भी उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि सलमान का चयन अमेठी के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

सलमान खान के चयन पर जिले के खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना की है। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक शिवकुमार मौर्य, अंतरराष्ट्रीय एथलीट सूबेदार राहुल पाल, राष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. अब्दुल हमीद, खेल प्रशिक्षक एम.ओ. आसिफ, एम.ओ. नदीम, राकेश कनौजिया, पंकज दूबे, शहादत, राकेश कश्यप, महेन्द्र पाल, एम.ओ. शकील, प्रधानाचार्य रेखा सिंह तथा जितेन्द्र कुमार सहित अन्य खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने सलमान खान को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

खेल जगत से जुड़े लोगों ने कहा कि सलमान की उपलब्धि जिले के लिए गौरव का विषय है। उनके चयन से अमेठी में रोइंग समेत अन्य खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ने की उम्मीद है। खिलाड़ियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना प्रत्येक खिलाड़ी का सपना होता है और सलमान ने अपनी प्रतिभा व परिश्रम के बल पर इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

अब अमेठी के खेल प्रेमियों की निगाहें एशियाड-2026 में सलमान खान के प्रदर्शन पर टिकी हैं। उम्मीद है कि वह अपनी मेहनत, अनुभव और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करेंगे और अमेठी के साथ-साथ भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story