बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स के विजेताओं को देवजीत सैकिया ने दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव सचिव देवजीत सैकिया ने बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स के सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में भारतीय क्रिकेट के विभिन्न स्तरों पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और दिग्गजों को सम्मानित किया गया।

देवजीत सैकिया ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि सभी विजेताओं को हार्दिक बधाई। उन्होंने लिखा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन, समर्पण और खेल के प्रति जुनून भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है और करोड़ों लोगों को प्रेरित कर रहा है। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को भविष्य में और अधिक सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स 2026 में अंतरराष्ट्रीय, घरेलू और आयु वर्ग के क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। साथ ही उन दिग्गजों को भी विशेष पुरस्कार दिए गए जिन्होंने लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इस मौके पर भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट में उनके लंबे योगदान के लिए प्रतिष्ठित कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं पूर्व भारतीय महिला कप्तान मिताली राज को देश में महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाने के लिए बीसीसीआई लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड (महिला) दिया गया।

अन्य पुरस्कार विजेताओं में भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को 2024–25 सत्र के लिए पॉली उमरीगर अवॉर्ड मिला। वहीं स्मृति मंधाना को पांचवीं बार सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर का सम्मान दिया गया।

घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शैफाली वर्मा और अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे को भी सम्मानित किया गया। जबकि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को घरेलू टूर्नामेंटों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पुरस्कार मिला।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story