रूस को 2030 विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप की मेजबानी

WhatsApp Channel Join Now
रूस को 2030 विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप की मेजबानी


पेरिस, 25 अक्टूबर (हि.स.)। रूस को अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर बड़ी कामयाबी मिली है। अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) ने मॉस्को को वर्ष 2030 में होने वाली विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपी है। 2022 में यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद यह पहला मौका है, जब किसी ओलंपिक खेल के अंतरराष्ट्रीय महासंघ ने रूस को विश्व स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने का अधिकार दिया है।

आईडब्ल्यूएफ ने अपने बयान में कहा कि वर्ष 2029 की सीनियर विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप भारत के अहमदाबाद में आयोजित होगी, जबकि 2030 के संस्करण की मेजबानी मॉस्को करेगा। महासंघ के महासचिव जोस क्विनोनेस ने कहा कि मेजबानी के लिए प्राप्त सभी प्रस्ताव उत्कृष्ट थे और उन्हें विश्वास है कि संबंधित देशों में प्रतियोगिताएं सफल रहेंगी।

रूसी भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष अलेक्जेंडर विनोकुरोव ने मेजबानी के लिए आईडब्ल्यूएफ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रूस के पास उच्चस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का पर्याप्त अनुभव और क्षमता है। उनके मुताबिक, मॉस्को पहले भी कई बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी कर चुका है और वहां आधुनिक खेल सुविधाएं मौजूद हैं।

रूसी महासंघ ने इस फैसले को देश के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उसके अनुसार, कई वर्षों बाद किसी ओलंपिक खेल की अंतरराष्ट्रीय संस्था से रूस को शीर्ष स्तर की आधिकारिक प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। वर्ष 2030 की चैंपियनशिप 2032 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए क्वालिफाइंग प्रतियोगिता भी होगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766782 Articles

Share this story