चोट के बावजूद आखिरी दांव तक डटी रहीं हाथरस की रिचा शर्मा, गोरखपुर में हुई सीनियर स्टेट चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

WhatsApp Channel Join Now
चोट के बावजूद आखिरी दांव तक डटी रहीं हाथरस की रिचा शर्मा, गोरखपुर में हुई सीनियर स्टेट चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक


-किसान की बेटी ने बढ़ाया हाथरस का मान, उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात महिला पहलवान की उपलब्धि से गांव में खुशी

हाथरस, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के गांव कपूरा की रहने वाली महिला पहलवान रिचा शर्मा ने गोरखपुर में आयोजित सीनियर स्टेट रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 में कांस्य पदक जीतकर हाथरस और उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन किया है। घुटने में चोट के बावजूद मुकाबले में डटी रहीं रिचा ने अपने जज्बे, मेहनत और खेल कौशल से यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से गांव कपूरा में खुशी का माहौल है और क्षेत्र के लोग उनकी उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

रिचा शर्मा के पिता विनोद शर्मा ने बताया कि गोरखपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात रिचा शर्मा ने महिला कुश्ती वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान घुटने में चोट लगने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। सपोर्ट बांधकर मुकाबले में उतरने वाली रिचा आखिरी दांव तक संघर्ष करती रहीं। उनका यह प्रदर्शन खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति का उदाहरण है।

रिचा शर्मा के पिता विनोद शर्मा किसान हैं। ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ीं रिचा ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर कुश्ती के क्षेत्र में पहचान बनाई। उनके संघर्ष और सफलता में परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है। सीमित संसाधनों के बीच खेल के प्रति जुनून बनाए रखते हुए उन्होंने पुलिस सेवा में अपनी जिम्मेदारियों के साथ कुश्ती में भी उपलब्धि हासिल की।

रिचा की इस सफलता को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस हो तो लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। चोट के बावजूद मुकाबले में डटे रहकर कांस्य पदक जीतने वाली रिचा शर्मा ने न केवल अपने परिवार, बल्कि गांव कपूरा और पूरे हाथरस जिले का गौरव बढ़ाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767050 Articles

Share this story