असम प्रीमियर लीग का आधिकारिक शुभंकर बना 'रोनी' एक सींग वाला गैंडा

WhatsApp Channel Join Now
असम प्रीमियर लीग का आधिकारिक शुभंकर बना 'रोनी' एक सींग वाला गैंडा


असम प्रीमियर लीग का आधिकारिक शुभंकर बना 'रोनी' एक सींग वाला गैंडा


गुवाहाटी, 28 जुलाई (हि.स.)। इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग (एपीएल) ने मंगलवार को अपने पहले संस्करण के लिए 'रोनी' नामक एक सींग वाले गैंडे को आधिकारिक शुभंकर (मास्कॉट) के रूप में लॉन्च किया। यह शुभंकर असम की पहचान, गौरव, शक्ति और जुझारूपन का प्रतीक है।

असम के प्रसिद्ध एक सींग वाले गैंडे से प्रेरित 'रोनी' को रोअर. चार्ज. कॉन्कर. (गरजो, आगे बढ़ो, विजय प्राप्त करो) के संदेश के साथ तैयार किया गया है। आयोजकों के अनुसार, 'रोअर' असम के क्रिकेट प्रशंसकों के जोश और आवाज का प्रतीक है, 'चार्ज' मैदान पर उतरने वाली टीमों के साहस और आक्रामकता को दर्शाता है, जबकि 'कॉन्कर' चुनौतियों पर विजय हासिल कर चैंपियन बनने की भावना को प्रदर्शित करता है।

आयोजकों का कहना है कि रोनी मैच स्थलों पर प्रशंसकों से जुड़ने के साथ-साथ लीग के डिजिटल और प्रचार अभियानों का भी प्रमुख चेहरा बनेगा। एक सींग वाले गैंडे को शुभंकर बनाने से लीग का असम की सांस्कृतिक पहचान और विरासत से मजबूत जुड़ाव स्थापित होता है।

असम प्रीमियर लीग का पहला संस्करण 01 से 23 अगस्त तक आयोजित होगा। इसमें 23 दिनों में कुल 43 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 40 लीग मुकाबले, दो सेमीफाइनल और एक फाइनल शामिल हैं। राज्य की आठ टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। शीर्ष चार टीमें 21 अगस्त को सेमीफाइनल खेलेंगी, जबकि 23 अगस्त को फाइनल में पहले एपीएल चैंपियन का फैसला होगा।

इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग का आयोजन असम क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) के तत्वावधान में आमार असम, आमार गौरव के ध्येय वाक्य के साथ किया जा रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story