जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुईं रेणुका सिंह, जिंतिमणि कालिता को मौका

WhatsApp Channel Join Now
जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुईं रेणुका सिंह, जिंतिमणि कालिता को मौका


जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुईं रेणुका सिंह, जिंतिमणि कालिता को मौका


वडोदरा, 22 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर जिम्बाब्वे के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उनकी जगह तेज गेंदबाजी करने वाली ऑलराउंडर जिंतिमणि कालिता को टीम में शामिल किया है।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने गुरुवार को बताया कि रेणुका बेंगलुरु स्थित बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 50 ओवर के प्रारूप के लिए जरूरी गेंदबाजी अभ्यास और कार्यभार बढ़ाने पर काम कर रही हैं। वह अभी एकदिवसीय क्रिकेट में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए आवश्यक तैयारी पूरी कर रही हैं, इसलिए जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं होंगी।

रेणुका पिछले साल घरेलू मैदान पर वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं। हालांकि, वह दुबई में एशिया कप खिताब और जापान में एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीतने वाली टीमों में शामिल होने के बावजूद मैदान पर नहीं उतरी थीं। उन्होंने इस साल की शुरुआत में होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पिछला वनडे मुकाबला खेला था।

रायपुर में हाल ही में समाप्त हुई टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा रहीं जिंतिमणि अब वडोदरा में वनडे टीम से जुड़ गई हैं। उन्हें 2027 महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) से पहले गुजरात जायंट्स ने टीम में बरकरार रखा है। वह भारतीय तेज गेंदबाजी इकाई में क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा और सयाली सतघरे के साथ शामिल होंगी।

भारतीय टीम का स्पिन विभाग भी मजबूत है। उपकप्तान दीप्ति शर्मा के अलावा श्री चरणी और वैष्णवी शर्मा के रूप में टीम के पास विकल्प मौजूद हैं।

यह सीरीज स्मृति मंधाना की पूर्णकालिक कप्तानी में भारत की पहली वनडे सीरीज होगी। मौजूदा वनडे विश्व चैंपियन भारतीय टीम के सामने जिम्बाब्वे की चुनौती होगी। तीनों मुकाबले वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में दोपहर दो बजे से खेले जाएंगे। पहला मैच शुक्रवार, दूसरा रविवार और तीसरा मुकाबला बुधवार को होगा।

भारतीय वनडे टीम:

स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, तेजल हसबनिस, दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), वैष्णवी शर्मा, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे और जिंतिमणि कालिता।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765200 Articles

Share this story