चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका, रामकृष्ण घोष आईपीएल 2026 से बाहर

WhatsApp Channel Join Now
चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका, रामकृष्ण घोष आईपीएल 2026 से बाहर


चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका, रामकृष्ण घोष आईपीएल 2026 से बाहर


चेन्नई, 03 मई (हि.स.)। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को बड़ा झटका लगा है। टीम के ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष दाहिने पैर में फ्रैक्चर के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइजी ने इसकी पुष्टि अपने आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों के जरिए की।

28 वर्षीय घोष को यह चोट मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान लगी, जो उनका आईपीएल डेब्यू मैच भी था। हालांकि चोट कैसे लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन मैच के दौरान उन्होंने एक शानदार डाइविंग कैच लिया था और गेंदबाजी करते समय फॉलो-थ्रू में गिरते हुए भी नजर आए थे।

टीम के मुख्य कोच स्टीफेन फ्लेमिंग ने मैच के बाद कहा कि घोष हाल के हफ्तों में शानदार फॉर्म में थे और ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने काफी प्रभावित किया था। उन्होंने बताया कि घोष बल्लेबाजी में भी सुधार दिखा रहे थे और टीम के लिए एक उपयोगी ऑलराउंडर साबित हो सकते थे।

घोष की चोट ने चेन्नई की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, क्योंकि टीम पहले से ही चोटों से जूझ रही है। तेज गेंदबाज खलील अहमद और बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हाल ही में चोट के कारण बाहर हो चुके हैं। इसके अलावा विदेशी खिलाड़ी नाथन एलिस सीजन की शुरुआत से ही उपलब्ध नहीं थे, जबकि उनके विकल्प स्पेंसर जॉनसन भी चोट के चलते कुछ समय तक टीम से बाहर रहे।

टीम के अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी भी सीजन की शुरुआत से ही पिंडली की चोट से जूझ रहे हैं, जिससे टीम का संतुलन प्रभावित हुआ है।

लगातार चोटों के कारण चेन्नई सुपर किंग्स के सामने टीम संयोजन को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे में अब टीम प्रबंधन को आगामी मैचों के लिए नए विकल्प तलाशने होंगे, ताकि टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा बरकरार रखी जा सके।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story