ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी के राहुल प्रधान का रणजी ट्रॉफी में चयन

WhatsApp Channel Join Now
ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी के राहुल प्रधान का रणजी ट्रॉफी में चयन


रायगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)।सौराष्ट्र के खिलाफ छत्तीसगढ़ की ओर से खेल रहे राहुल ने रविंद्र जडेजा जैसे गेंदबाजों का किया सामना, सक्षम चौबे का वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए चयनओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी, घरघोड़ा से प्रशिक्षण प्राप्त राहुल प्रधान का चयन छत्तीसगढ़ की रणजी ट्रॉफी टीम में हुआ है।

गुजरात में सौराष्ट्र के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 41 रन बनाए। वहीं, एकेडमी के एक अन्य खिलाड़ी सक्षम चौबे का चयन वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि रायगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय है।

जिंदल पावर, तमनार द्वारा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिंदल फाउंडेशन द्वारा घरघोड़ा में ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी का संचालन किया जा रहा है। यहां खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियों का प्रशिक्षण देकर उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाता है। अब एकेडमी के खिलाड़ियों की उपलब्धियां इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने ला रही हैं।

छत्तीसगढ़ और सौराष्ट्र के बीच रणजी ट्रॉफी का मुकाबला खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन राहुल प्रधान को बल्लेबाजी का अवसर मिला। आठवें नंबर पर उतरे राहुल ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और 104 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 41 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने रविंद्र जडेजा और जयदेव उनादकट जैसे अनुभवी गेंदबाजों का सामना करते हुए धैर्य और एकाग्रता का परिचय दिया।

बाएं हाथ के बल्लेबाज राहुल की यह पारी उनकी तकनीक, संयम और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता को दर्शाती है। ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी में नियमित प्रशिक्षण लेने वाले राहुल का रणजी ट्रॉफी तक पहुंचना क्षेत्र के युवा क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणादायक है।

ओपी जिंदल क्रिकेट एकेडमी की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण कड़ी सक्षम चौबे का चयन है। सक्षम का चयन वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए हुआ है। वह अंडर-19 वर्ग में बिलासपुर की ओर से खेलते हैं और बाएं हाथ के गेंदबाज हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस आयु वर्ग की प्रतियोगिता के लिए उनका चयन एकेडमी में दिए जा रहे प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की मेहनत को रेखांकित करता है।

जिंदल फाउंडेशन की चेयरपर्सन शालू जिंदल के मार्गदर्शन में खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर उनकी तस्वीरें साझा कीं और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story