कबड्डी में पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम बनी चैंपियन, खेल मंत्री बाेले सरकार खिलाड़ियों काे दे रही नौकरी और आर्थिक सहायता

WhatsApp Channel Join Now
कबड्डी में पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम बनी चैंपियन, खेल मंत्री बाेले सरकार खिलाड़ियों काे दे रही नौकरी और आर्थिक सहायता


कबड्डी में पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम बनी चैंपियन, खेल मंत्री बाेले सरकार खिलाड़ियों काे दे रही नौकरी और आर्थिक सहायता


जौनपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में मेजबान वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर छह अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को खेल से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में पहली बार समग्र खेल नीति बनाई गई है, जिसके तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता देने के साथ सरकारी नौकरी के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड में खेल मैदान विकसित कर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

खेल मंत्री ने कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के खेलों के प्रति सक्रिय प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को ओलंपिक और पैरा ओलंपिक जैसी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विश्वविद्यालय में नशामुक्ति अभियान चलाने पर भी जोर दिया। अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की चैंपियनशिप केवल खेल की जीत नहीं, बल्कि सच्ची खेल भावना की जीत है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, खेल भावना और टीमवर्क के माध्यम से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के लगभग साढ़े तीन लाख विद्यार्थी विभिन्न खेल गतिविधियों से जुड़े हैं।

विशेष अतिथि अवकाश प्राप्त भारतीय वायुसेना कमांडर राजेश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में खेल परिषद अध्यक्ष प्रो. सुधाकर सिंह ने स्वागत किया। सचिव प्रो. शेखर सिंह ने प्रतियोगिता का विवरण प्रस्तुत किया। ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी पर्यवेक्षक नरेश कुमार ने आयोजन की सराहना की। संचालन डॉ. राजेश सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन छात्र अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने किया।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम ने एलएमएम विश्वविद्यालय दरभंगा को 23-21, एमएसडी विश्वविद्यालय आजमगढ़ को 34-25 और केआईआईटी विश्वविद्यालय भुवनेश्वर को 30-23 अंकों से हराया। केआईआईटी विश्वविद्यालय दूसरे, एलएमएम विश्वविद्यालय दरभंगा तीसरे और एमएसडी विश्वविद्यालय आजमगढ़ चौथे स्थान पर रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story