ट्रॉफी जीतने पर पूरा फोकस, नए जोश और पार्टनरशिप के साथ आईपीएल 2026 के लिए तैयार पंजाब किंग्स

WhatsApp Channel Join Now
ट्रॉफी जीतने पर पूरा फोकस, नए जोश और पार्टनरशिप के साथ आईपीएल 2026 के लिए तैयार पंजाब किंग्स


चंडीगढ़, 19 मार्च (हि.स.)। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के आगाज से पहले पंजाब किंग्स पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने को तैयार है। टीम के प्रमुख खिलाड़ी युजवेंद्र चहल और शशांक सिंह ने साफ कहा है कि इस सीजन उनका एकमात्र लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है। गुरुवार को मोहाली में आयोजित एक कार्यक्रम में टीम ने निप्पॉन पेंट को अपना नया आधिकारिक साझेदार घोषित किया, जहां खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति और तैयारियों पर खुलकर बात की।

शशांक सिंह ने टीम की तैयारियों की सराहना करते हुए बताया कि फ्रेंचाइजी लगातार ट्रेनिंग कैंप आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक पांच से छह कैंप हो चुके हैं, जिनमें अबू धाबी का कैंप सबसे बेहतरीन रहा। उनके अनुसार, इन कैंप्स ने खिलाड़ियों को मैच के लिए पूरी तरह तैयार किया है और टीम मनोरंजक क्रिकेट खेलने के लिए उत्साहित है।

वहीं, अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने बताया कि लंबे टूर्नामेंट में टीम के बीच तालमेल सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि लगातार कैंप्स के जरिए खिलाड़ी एक परिवार की तरह जुड़ते हैं, जिससे मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह प्रदर्शन बेहतर होता है। चहल के मुताबिक, टीम का माहौल ऐसा है जहां कोई भी खिलाड़ी खुद को अकेला महसूस नहीं करता।

पंजाब किंग्स ने IPL 2025 के अधिकांश खिलाड़ियों को बरकरार रखा है, जिससे टीम में स्थिरता और विश्वास बढ़ा है। शशांक सिंह ने इस फैसले को अहम बताते हुए कहा कि लगभग 23 खिलाड़ी पिछले सीजन से ही टीम का हिस्सा हैं। उनके अनुसार, IPL में सभी टीमों का कौशल स्तर लगभग समान होता है, लेकिन अंतर विश्वास और आपसी भरोसे से पैदा होता है, जो इस टीम में लगातार मजबूत हो रहा है।

कठिन परिस्थितियों को लेकर दोनों खिलाड़ियों ने सकारात्मक रवैया दिखाया। चहल ने कहा कि उन्हें दबाव में खेलना पसंद है, क्योंकि ऐसे समय में अच्छा प्रदर्शन आत्मविश्वास को बढ़ाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी भूमिका मध्य और डेथ ओवरों में विकेट लेना है और वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं।

शशांक सिंह ने भी दो टूक कहा कि इस सीजन टीम का पूरा फोकस ट्रॉफी जीतने पर है। उन्होंने कहा कि वह बड़े मौकों को दबाव की बजाय अवसर के रूप में लेते हैं और टीम को पूरा भरोसा है कि इस बार खिताब जीता जाएगा।

इस मौके पर निप्पॉन पेंट इंडिया को टीम का आधिकारिक पार्टनर बनाया गया। इस समझौते के तहत कंपनी का लोगो टीम की जर्सी की दाहिनी बांह पर नजर आएगा। दिलचस्प बात यह है कि निप्पॉन पेंट और पंजाब किंग्स दोनों के रंग लाल और नीले हैं, जो ब्रांड और टीम के बीच मजबूत विजुअल तालमेल बनाते हैं।

इवेंट के दौरान “ब्लॉबर शेर” नाम के एक नए क्रिएटिव मैस्कॉट को भी लॉन्च किया गया। यह मैस्कॉट टीम की ताकत, ऊर्जा और निडरता का प्रतीक है और पूरे IPL सीजन के दौरान फैन एंगेजमेंट और डिजिटल अभियानों का अहम हिस्सा रहेगा।

मजबूत तैयारी, टीम में एकजुटता और नए साझेदार के समर्थन के साथ पंजाब किंग्स इस बार एक दमदार अभियान की ओर बढ़ रही है। टीम प्रबंधन और खिलाड़ी दोनों ही आश्वस्त हैं कि ईपीएलL 2026 में वे शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीतने की पूरी कोशिश करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story