भारतीय महिला क्रिकेटर पूनम राउत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय महिला क्रिकेटर पूनम राउत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा


मुंबई, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व सलामी बल्लेबाज पूनम राउत ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की। एक दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और 2017 महिला वनडे विश्व कप के फाइनल तक पहुंचने वाली टीम का अहम हिस्सा रहीं। उन्होंने अपने करियर का समापन कृतज्ञता के साथ करते हुए भविष्य में कोचिंग के जरिए क्रिकेट से जुड़े रहने की इच्छा जताई।

37 वर्षीय पूनम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा बयान में कहा कि काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया है। उनके मुताबिक, भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा। क्रिकेट ने उन्हें अनुशासन, संघर्ष करने की क्षमता और ऐसी यादें दीं, जिन्हें वह हमेशा संजोकर रखेंगी।

मुंबई में जन्मीं पूनम ने मार्च 2009 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने 73 वनडे मैचों में 34.83 की औसत से 2,299 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 719 रन बनाए। चार टेस्ट मैचों में उनके नाम 264 रन रहे। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2014 में बनाया गया 130 रन था।

2017 विश्व कप फाइनल में खेली थी 86 रन की पारी

पूनम के करियर का सबसे यादगार पड़ाव 2017 महिला वनडे विश्व कप रहा। इंग्लैंड में आयोजित इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम फाइनल तक पहुंची थी। लॉर्ड्स में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में पूनम ने 86 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। हालांकि, भारतीय टीम खिताब जीतने से चूक गई थी।

उन्होंने 2017 विश्व कप को महिला क्रिकेट के लिए निर्णायक मोड़ बताते हुए कहा कि इस टूर्नामेंट ने भारत में महिला क्रिकेट की तस्वीर बदलने, युवा लड़कियों को प्रेरित करने और खेल के भविष्य को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई। पूनम ने अपने करियर में तीन वनडे विश्व कप और चार टी20 विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

बीसीसीआई, रेलवे और मिताली राज का जताया आभार

पूनम ने अपने विदाई संदेश में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन और भारतीय रेलवे का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं से मिले अवसरों, मार्गदर्शन और सहयोग ने उनके क्रिकेट करियर को मजबूत आधार दिया।

उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और रेलवे, दोनों टीमों में उनकी कप्तानी में खेलना सम्मान की बात थी। पूनम ने अपने प्रशिक्षकों, फिजियोथेरेपिस्ट, ट्रेनरों, चिकित्सकों, माता-पिता और साथ खेलने वाली खिलाड़ियों को भी धन्यवाद दिया।

अपने संदेश के अंत में पूनम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के रूप में उनका सफर जरूर समाप्त हो रहा है, लेकिन खेल के प्रति उनका प्रेम कम नहीं होगा। उन्होंने कोचिंग प्रमाणपत्र हासिल करने की दिशा में अपने प्रयासों का उल्लेख करते हुए भविष्य में क्रिकेट के विकास में योगदान देने की इच्छा जताई।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761662 Articles

Share this story