पीएसएल 2026 में नहीं दिखेंगे दर्शक, केवल दो स्थानों पर होंगे मैच

WhatsApp Channel Join Now
पीएसएल 2026 में नहीं दिखेंगे दर्शक, केवल दो स्थानों पर होंगे मैच


पीएसएल 2026 में नहीं दिखेंगे दर्शक, केवल दो स्थानों पर होंगे मैच


नई दिल्ली/लाहौर, 22 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष से उत्पन्न हुए गंभीर ऊर्जा संकट के कारण पाकिस्तान सुपर लीग का 11वां संस्करण अब कई प्रतिबंधों के बीच आयोजित होने जा रहा है। टूर्नामेंट को अब छह स्थानों के बजाय केवल दो स्थानों पर ही आयोजित किया जाएगा और मैच बंद दरवाजों के पीछे खेले जाएंगे।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पुष्टि की है कि पीएसएल के सभी मैच अब लाहौर और कराची में खेले जाएंगे। लाहौर में होने वाला उद्घाटन समारोह भी रद्द कर दिया गया है।

क्रिकबज के अनुसार पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सुरक्षा ऐजेंसियों के साथ कई दिनों के विचार-विमर्श के बाद लिया गया है, जिसमें सरकार के व्यापक निर्देश शामिल हैं। जिनका मुख्य उद्देश्य वैश्विक ईंधन और आर्थिक संकट के मद्देनजर सार्वजनिक आवाजाही को सीमित करना है। उन्होंने पुष्टि की कि लीग निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगी, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि इसमें महत्वपूर्ण परिचालन संबंधी समायोजन किए जाएंगे।

नकवी ने कहा कि जब तक यह संकट जारी रहेगा, मैचों में दर्शकों की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह एक कठिन निर्णय था, लेकिन इसे लेना जरूरी था। उद्घाटन समारोह भी रद्द किया जाएगा। नकवी ने यह भी कहा कि पहले से खरीदे गए सभी टिकटों का पैसा वापस कर दिया जाएगा। मैं प्रशंसकों से माफी भी मांगता हूं। पीसीबी अध्यक्ष ने कहा कि टूर्नामेंट को आगे बढ़ाने के लिए हितधार8कों का भरपूर समर्थन है।

पीएसएल की शुरुआत 26 मार्च से होगी और इसका फाइनल 3 मई को होगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story