असम में प्रो पंजा लीग की एंट्री, विश्व चैंपियनशिप के लिए राज्य के 18 खिलाड़ी भारतीय टीम में चयनित
गुवाहाटी, 03 जुलाई (हि.स.)। प्रो पंजा लीग ने शुक्रवार को असम में अपने विस्तार की औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि राज्य के 18 आर्मरेसलर इस वर्ष नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 47वीं विश्व आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप तथा 28वीं पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में शामिल किए गए हैं।
गुवाहाटी के होटल पलासियो में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक पर्विन दबास, पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन इंडिया (पीएएफआई) की अध्यक्ष एवं एशियन आर्मरेसलिंग फेडरेशन की उपाध्यक्ष प्रीति झंगियानी तथा पीपुल्स आर्मरेसलिंग एसोसिएशन असम के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने संयुक्त रूप से इसकी घोषणा की। इस दौरान भारतीय टीम में चयनित असम के खिलाड़ियों से भी परिचय कराया गया।
भारतीय टीम में चयनित असम के खिलाड़ियों में देबांगना बरदलै, सुमित माली, उज्जल गोगोई, डिंपल कलिता, पायल भौमिक, अनिशा शर्मा, कुमालिका दास, इस्मृतोम बरुवा, राज हजारिका, ऋतुराज पांडेय, बिट्टू कलिता, परिश्मिता गोगोई, अंजू कुमारी, मनोज देबनाथ, कृतिका दास, नयन बोरा, दिगंत कुमार फूकन और मृण्मय पाटगिरी शामिल हैं। इनमें परिश्मिता गोगोई, पायल भौमिक और ऋतुराज पांडेय ने प्रो पंजा लीग के लिए गोल्डन टिकट भी हासिल किया है।
विश्व आर्मरेसलिंग एवं पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप का आयोजन 26 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली के लीला एम्बिएंस कन्वेंशन होटल में होगा। प्रतियोगिता में 75 से अधिक देशों के 2,000 से ज्यादा खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में भारत ने 176 पदकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया था।
प्रीति झंगियानी ने कहा कि भारत में विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी आर्मरेसलिंग के लिए ऐतिहासिक अवसर है और असम के खिलाड़ी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीएएफआई खिलाड़ियों की तैयारी के लिए हरसंभव सहयोग देगा।
पर्विन दबास ने कहा कि पूर्वोत्तर, विशेषकर असम, में आर्मरेसलिंग की अपार प्रतिभा मौजूद है। प्रो पंजा लीग खिलाड़ियों को पेशेवर मंच, रैंकिंग, पुरस्कार राशि और राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि असम के तीन खिलाड़ियों का गोल्डन टिकट जीतना राज्य की प्रतिभा का प्रमाण है।
कैलाश शर्मा ने कहा कि वर्षों से सीमित संसाधनों में अभ्यास करने वाले असम के खिलाड़ियों को अब अपने ही राज्य में बड़ा मंच मिलेगा। भारतीय टीम में राज्य के 18 खिलाड़ियों का चयन पूरे असम के खेल प्रेमियों के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने बताया कि विश्व चैंपियनशिप से पहले चयनित खिलाड़ियों को प्रो पंजा लीग और पीएएफआई के सहयोग से विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

