मुरादाबाद रेल मंडल की कर्मचारी प्रिया घंघास ने एशियन गेम्स-2026 में जीता कांस्य पदक

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद रेल मंडल की कर्मचारी प्रिया घंघास ने एशियन गेम्स-2026 में जीता कांस्य पदक


मुरादाबाद रेल मंडल की कर्मचारी प्रिया घंघास ने एशियन गेम्स-2026 में जीता कांस्य पदक


मुरादाबाद, 30 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद मंडल के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि मंडल में कार्यरत प्रिया घंघास, सीसीटीसी मुरादाबाद ने एशियन गेम्स-2026 में भारतीय मुक्केबाजी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए महिला 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारतीय रेल एवं मुरादाबाद मंडल का नाम गौरवान्वित किया है।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि एशियन गेम्स-2026 में प्रिया घंघास ने महिला 60 किग्रा वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल मुकाबले में उनका सामना चीन की पूर्व विश्व चैंपियन यांग चेंग्यू से हुआ। कड़े एवं प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले में प्रिया को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल तक पहुंचने के साथ उन्होंने भारत के लिए कांस्य पदक सुनिश्चित किया।

इससे पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में प्रिया घंघास ने ताजिकिस्तान की मिजगोना समादोवा को 5-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था और भारत के लिए पदक सुनिश्चित किया था।

उल्लेखनीय है कि सुश्री प्रिया घंघास ने वर्ष 2026 में राष्ट्रमंडल खेलों में भी महिला 60 किग्रा मुक्केबाजी वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था।

सुश्री प्रिया घंघास की इस उपलब्धि पर मुरादाबाद मंडल परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता भारतीय रेल के कर्मचारियों में खेल प्रतिभा, अनुशासन, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना को प्रेरित करने वाली है।

मुरादाबाद मंडल को अपनी प्रतिभाशाली कर्मचारी की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर गर्व है तथा मंडल उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story